Ujjain Property Rates Increased News: उज्जैन में अगर आप जमीन या मकान खरीदने की सोच रहे हैं तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. दरअसल, 1 अप्रैल 2026 से शहर में नई कलेक्टर गाइडलाइन लागू होने जा रही है, जिसके बाद प्रॉपर्टी खरीदना काफी महंगा पड़ सकता है.
जिला पंजीयक कार्यालय की ओर से तैयार किए गए प्रस्ताव में 25 से ज्यादा इलाकों में गाइडलाइन दरें बढ़ाने की बात कही गई है. बताया जा रहा है कि कुछ जगहों पर यह बढ़ोतरी 100 से 150 प्रतिशत तक हो सकती है.
क्यों बढ़ रही हैं कीमतें?
असल में, शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में प्रॉपर्टी के बाजार भाव काफी बढ़ चुके हैं, लेकिन गाइडलाइन रेट अभी पुराने ही चल रहे हैं. इसी गैप को खत्म करने के लिए प्रशासन अब नई दरें लागू करने की तैयारी में है. इसको लेकर उप जिला मूल्यांकन समिति की बैठक भी हो चुकी है, जिसमें प्रस्ताव पर सहमति बन गई है. अब इसे अंतिम मंजूरी के लिए जिला मूल्यांकन समिति के सामने रखा जाएगा.
ग्रामीण और हाईवे इलाके भी महंगे होंगे
नई गाइडलाइन सिर्फ शहर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ग्रामीण इलाकों की जमीन की कीमतों में भी बदलाव किया जाएगा. खासकर हाईवे से जुड़े इलाकों में जमीन के दाम बढ़ाने की तैयारी है. इसके अलावा शहर के प्लानिंग एरिया का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है. चिंतामण और मांगरौला जैसे इलाकों को इसमें शामिल किया गया है, जहां तेजी से नए प्रोजेक्ट और निर्माण कार्य शुरू हो रहे हैं.
अभी मौका है सस्ती रजिस्ट्री कराने का
वरिष्ठ जिला पंजीयक रितभरा द्विवेदी के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति मार्च महीने में ही रजिस्ट्री करा लेता है, तो उसे पुरानी गाइडलाइन दरों का ही फायदा मिलेगा. अगर आप प्रॉपर्टी खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो अभी का समय आपके लिए बेहतर साबित हो सकता है.
आम लोगों से भी मांगे जाएंगे सुझाव
नई गाइडलाइन को लागू करने से पहले इसे आम लोगों के सामने रखा जाएगा, ताकि लोग अपनी आपत्तियां और सुझाव दे सकें. इसके बाद फाइनल प्रस्ताव तैयार कर भोपाल भेजा जाएगा. वहां से मंजूरी मिलने के बाद 1 अप्रैल 2026 से नई दरें लागू कर दी जाएंगी.
सिंहस्थ 2028 भी बड़ा कारण
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 (महाकुंभ) की तैयारियां भी तेजी से चल रही हैं. इसी वजह से यहां प्रॉपर्टी में निवेश बढ़ रहा है. आने वाले समय में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए जमीन की डिमांड भी तेजी से बढ़ी है. यही कारण है कि प्रशासन अब गाइडलाइन रेट को बाजार के हिसाब से अपडेट कर रहा है.