मुरैना के जौरा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापेमारी कर आरोपियों को मौके से दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान नकदी और ताश की गड्डियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि जौरा थाना क्षेत्र के ग्राम आलापुर के चिटोरिया मोहल्ले में जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान 18 लोग जुआ खेलते हुए पाए गए, जिन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया गया। नकदी और ताश की गड्डियां जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 1 लाख 41 हजार रुपए नगद और तीन ताश की गड्डियां बरामद कर जब्त कीं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसडीओपी ने दी कार्रवाई की जानकारी
जौरा एसडीओपी नितिन बघेल ने बताया कि आलापुर गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के हवाले से उठे सवाल
इधर, स्थानीय सूत्रों के मुताबिक मौके पर वास्तविक रकम इससे कहीं अधिक थी और जुआ खेलने वालों की संख्या भी ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस के पहुंचते ही कई लोग मौके से भाग निकले। कुछ लोगों के पैसे वहीं छूट गए, जबकि कुछ ने रकम देकर बच निकलने की कोशिश की। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए थाना प्रभारी ओपी रावत से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
Source link