इंदौर6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
रणजीत हनुमान मेन रोड पर स्थित एक कपड़ा शोरूम में रविवार देर रात दो बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश यहां से करीब 1 लाख रुपए नकद और महंगे कपड़े चुराकर फरार हो गए। सोमवार सुबह शोरूम खुलने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
द्वारकापुरी थाना पुलिस ने मनीष बतरा की शिकायत पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मनीष, गुमाश्ता नगर स्थित गोकुल अपार्टमेंट निवासी हैं और शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि रविवार रात शोरूम बंद कर घर गए थे। देर रात दो बदमाश मौके पर पहुंचे, जिनमें से एक शटर उचकाकर अंदर घुसा, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा।
अंदर घुसे बदमाश ने काफी देर तक सामान खंगाला और काउंटर के गल्ले से करीब 1 लाख रुपए नकद निकाल लिए। इसके अलावा शोरूम में रखे महंगे कपड़े भी चोरी कर लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सोमवार सुबह जब मनीष शोरूम पहुंचे तो शटर के ताले टूटे मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत मालिक और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
एक दिन पहले भी बड़ी चोरी इससे पहले उषानगर मेन रोड पर कपड़ा व्यापारी शीलकुमार पोरवाल के घर में करीब 15 लाख रुपए के जेवर चोरी हो गए थे। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलने से पुलिस को जांच में मुश्किल हो रही है और संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की गश्त पर उठे सवाल यह वारदात रणजीत हनुमान मंदिर और फूटी कोठी के बीच व्यस्त मेन रोड पर हुई, जहां करीब 100 से अधिक शोरूम और बैंक स्थित हैं। पूरा क्षेत्र अन्नपूर्णा और द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में बंटा हुआ है। इसके बावजूद बदमाशों का इस तरह वारदात को अंजाम देना पुलिस गश्त पर सवाल खड़े करता है।
