अनूपपुर में बदला मौसम, शाम को बारिश के साथ गिरे: दिनभर धूप के बाद सुहाना हुआ मौसम, फसलों को नुकसान की आशंका – Anuppur News

अनूपपुर में बदला मौसम, शाम को बारिश के साथ गिरे:  दिनभर धूप के बाद सुहाना हुआ मौसम, फसलों को नुकसान की आशंका – Anuppur News




अनूपपुर जिले में पिछले दो दिनों से छाए काले बादलों के बाद बुधवार शाम मौसम का मिजाज बदल गया। कोतमा विकासखंड के भालूमाड़ा और कोतमा क्षेत्र में शाम 5:35 बजे हल्की बारिश के साथ ओले गिरे। इससे जहां शहरी लोगों को ठंडक महसूस हुई, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है। शुरुआत में हल्की बारिश हुई, जिसके साथ छोटे-छोटे ओले भी गिरने लगे। कुछ ही देर में बारिश की बूंदों से ज्यादा ओले गिरने लगे। लगभग दो से तीन मिनट तक जोरदार ओले गिरे और बारिश भी होती रही। यह सिलसिला लगभग 5-6 मिनट में थम गया। इस बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। अभी भी कई किसानों की गेहूं की फसल खेतों में पककर तैयार खड़ी है। इसके अतिरिक्त, आम की फसल को भी नुकसान पहुंचा है, क्योंकि इस बार आम में अच्छे बौर आए थे। महुआ के फूल भी झड़ने से किसानों को क्षति हुई है। कृषि उपसंचालक कैलाश मगर ने बताया कि इस बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी मटर, अलसी, सरसों, अरहर और अन्य दलहनी फसलों को थोड़ी बहुत क्षति होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि ये सभी फसलें लगभग पककर तैयार हैं, और कुछ किसानों ने तो कटाई भी कर ली है। हालांकि, अभी भी कुछ किसानों की फसलें खेतों में ही हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक नुकसान की कोई जानकारी नहीं आई है, सूचना मिलने पर निरीक्षण कर आकलन किया जाएगा। हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि थोड़ी बारिश और ओलों से ज्यादा नुकसान नहीं होना चाहिए। जिले में अभी भी आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और हल्की तेज हवाएं चल रही हैं। संभावना है कि रात में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बारिश हो सकती है।



Source link