अनूपपुर केंद्रीय विद्यालय में 11वीं विज्ञान संकाय की पढ़ाई शुरू: नए सत्र से प्रवेश, छात्रों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा – Anuppur News

अनूपपुर केंद्रीय विद्यालय में 11वीं विज्ञान संकाय की पढ़ाई शुरू:  नए सत्र से प्रवेश, छात्रों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा – Anuppur News




अनूपपुर जिला मुख्यालय स्थित केंद्रीय विद्यालय में अब कक्षा 11वीं (विज्ञान संकाय) की पढ़ाई शुरू होगी। केंद्रीय विद्यालय संगठन के जबलपुर संभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इसके संचालन को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च माध्यमिक शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सक्षम प्राधिकारी द्वारा इस संबंध में स्वीकृति प्रदान की गई है। विद्यालय में पहले से संचालित कक्षा 1 से 10 तक की कक्षाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि कक्षा 11 के लिए एक सेक्शन स्वीकृत किया गया है। केंद्रीय विद्यालय अनूपपुर का संचालन 6 अगस्त 2019 से प्राथमिक स्कूल के रूप में शुरू हुआ था। केंद्रीय विद्यालय अनूपपुर के प्राचार्य देवेंद्र तिवारी ने बताया कि संभागीय कार्यालय ने विद्यालय प्रशासन को आवश्यक तैयारियां पूरी करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि स्टाफ की स्वीकृति और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं भी नियमानुसार पूरी की जाएंगी। इस कदम से अनूपपुर और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा मिल सकेगी। वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय अनूपपुर में कक्षा 1 से 10 तक 418 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। मानपुर गांव में विद्यालय का नया भवन निर्माणाधीन है, जिसके अक्टूबर 2026 तक पूरा होने की समय सीमा तय है। यदि भवन निर्धारित समय पर तैयार हो जाता है, तो अगले वर्ष कक्षा 12वीं का संचालन भी संभव हो जाएगा। इससे अनूपपुर केंद्रीय विद्यालय में नामांकित बच्चे कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई पूरी कर सकेंगे। वर्ष 2024-25 में पास हुए बच्चों को कक्षा के अभाव में अन्य स्कूलों में जाना पड़ा था, हालांकि अब इस शैक्षणिक सत्र से कक्षा 11वीं में बच्चों का नामांकन किया जाएगा।



Source link