Last Updated:
Sagar News: दुकानदार विकास केसरवानी ने लोकल 18 से कहा कि ईरान-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध की वजह से चाहे कोई व्यक्ति फुटकर में फलाहारी सामग्री खरीदे या थोक में खरीदे, पिछले दिनों के मुकाबले इस बार उसे सामान महंगा ही मिलेगा.
सागर. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध को लगभग 20 दिन होने वाले हैं और यह कब तक चलेगा, इसके बारे में अच्छे-अच्छे एक्सपर्ट भी कुछ नहीं बता पा रहे लेकिन इस युद्ध का संकट भारत के शहरों में एलपीजी और कमर्शियल गैस सिलेंडर के रूप में तो दिखाई दे रहा है लेकिन इस युद्ध का असर अब महंगाई के रूप में हर घर के किचन में दस्तक दे चुका है और अब जनता को अपने जेब कुछ ज्यादा ढीली करनी पड़ रही है. मध्य प्रदेश के सागर जैसे शहरों से हजारों किलोमीटर दूर हो रहे इस युद्ध का असर खानपान की सामग्री पर आ गया है. आज से चैत्र नवरात्रि का पर्व शुरू हो गया है. नवरात्रि में लोग व्रत रखते हैं. व्रत के दौरान फलाहारी चीजों का सेवन करते हैं लेकिन सिंघाड़ा आटा से लेकर सेंधा नमक, फल, रिफाइंड, साबूदाना, मूंगफली, राजगीर समेत हर चीज के पैसे बढ़ गए हैं, यानी कि नवरात्रि शुरू होने के साथ ही महंगाई भी घरों में प्रवेश करेगी.
सागर के बाजार में किराना दुकानों पर थोक और फुटकर दोनों ही तरह से सामग्री बेची जाती है. यहां पर दर्जनों दुकानें हैं, जहां शहर के लोग खरीदी के लिए आते हैं. इन्हीं में से एक दुकानदार विकास केसरवानी लोकल 18 को बताते हैं कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध की वजह से चाहे कोई व्यक्ति फुटकर में फलाहारी सामग्री खरीदे या थोक में खरीदे, पिछले दिनों की अपेक्षा इस बार उसे सामान महंगा ही मिलेगा. रिफाइंड और तेल का उपयोग रोजाना हर घर में किया जाता है. अगर कोई रिफाइंड-तेल फुटकर में खरीदता है, तो उसे 10 से 15 रुपये प्रति लीटर अधिक दाम देने पड़ेंगे. वहीं कोई थोक में तेल का टिन खरीदता है, तो उसे अब यह 200 से 300 रुपये अधिक कीमत पर मिलेगा. 60 रुपये किलो मिलने वाला साबूदाना 65 रुपये किलो हो गया है. सिंघाड़े का आटा 120 रुपये किलो से 160 रुपये किलो हो गया है. मूंगफली 110 रुपये किलो से 140 रुपये किलो हो गई है.
ड्राईफ्रूट्स के भी बढ़े दाम
खाद्य सामग्रियों के बड़े हुए दामों का असर हर व्यक्ति पर पड़ेगा. इसके अलावा दाल-चावल, आटा सहित अन्य चीजों में भी अभी मामूली बढ़ोतरी हुई है लेकिन अब सब कुछ नया आने वाला है और उसमें किस तरह से पैसे बढ़े हैं, जल्द ही पता चल जाएगा. अधिकतर व्यापारियों के पास अभी पुराना माल रखा हुआ है, इसलिए वे पहले वाले रेटों से मिलते-जुलते भाव में सामान बेच रहे हैं. नवरात्रि में ड्राईफूट्स की भी काफी बिक्री होती है. खजूर और पिस्ता के दामों में 8 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा मखाना, बादाम, काजू और किशमिश में पांच फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.