जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार रात गांधी चौक कटरा स्थित एक मकान की छत से 1250 पाव देसी शराब जब्त की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांधी चौक कटरा में एक मकान की छत पर भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। मौके पर विवेक कोरी के मकान की छत पर नारायण जायसवाल और विवेक कोरी मौजूद मिले। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान गौरव जायसवाल गेट के सहारे कूदकर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। तलाशी के दौरान छत पर रखी 25 पेटियों से कुल 1250 पाव देसी शराब बरामद की गई। पूछताछ में नारायण जायसवाल ने बताया कि वह अपने बेटे गौरव जायसवाल के साथ मिलकर शराब बेचने के लिए यहां रखवाता था। वहीं, विवेक कोरी ने पुलिस को बताया कि शराब रखने के बदले उसे हिस्सेदारी देने की बात कही गई थी। पुलिस ने नारायण जायसवाल (62) से शराब और एक मोबाइल, जबकि विवेक कोरी (22) से एक मोबाइल जब्त किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी गौरव जायसवाल की तलाश जारी है।
Source link