बैतूल के अम्बे माई धाम में पांडवों ने काटा अज्ञातवास: गुफाओं में विराजी मां अम्बे के दर्शन को चैत्र नवरात्र में उमड़ी भीड़ – Betul News

बैतूल के अम्बे माई धाम में पांडवों ने काटा अज्ञातवास:  गुफाओं में विराजी मां अम्बे के दर्शन को चैत्र नवरात्र में उमड़ी भीड़ – Betul News




चैत्र नवरात्र के पहले दिन बैतूल जिले के सीमावर्ती अम्बे माई धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच प्राकृतिक गुफाओं में विराजी मां अम्बे के दरबार में सुबह से ही भक्त दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। नवरात्र के अवसर पर यहां विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठानों की शुरुआत की गई है। यह धाम बैतूल से लगभग 120 किलोमीटर दूर धारुल गांव के पास स्थित है। इसकी भौगोलिक विशेषता इसे अन्य स्थानों से अलग बनाती है। यहां ऊंची-ऊंची पहाड़ियों के बीच बनी प्राकृतिक गुफाएं आधा किलोमीटर से भी अधिक गहरी बताई जाती हैं, जहां सालभर ठंडक बनी रहती है। गर्मियों में भी गुफाओं के भीतर का तापमान काफी कम रहता है और प्राकृतिक जलस्रोत बहते रहते हैं, जो श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। यहां पांडवों ने की थी अराधना
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन गुफाओं में सैकड़ों वर्षों से मां अम्बे की सिंदूरी प्रतिमा स्थापित है। स्थानीय लोगों का मानना है कि महाभारत काल में पांडवों ने अपने अज्ञातवास के दौरान इस क्षेत्र में आकर मां की आराधना की थी। इसके अतिरिक्त, स्वतंत्रता संग्राम के दौरान आदिवासी नायक टंट्या भील द्वारा भी इन गुफाओं में शरण लेने की किवदंतियां प्रचलित हैं, जिससे इस स्थान का ऐतिहासिक महत्व भी बढ़ जाता है। लगभग 1970 के दशक में मंगला माई नामक एक महिला के यहां आने के बाद यह स्थान व्यापक रूप से लोगों की आस्था का केंद्र बना। वर्तमान में गुफा के प्रवेश द्वार पर उनकी प्रतिमा स्थापित है। श्रद्धालु पहले मंगला माई के दर्शन करते हैं और फिर मां अम्बे के दरबार में पहुंचते हैं। दूसरे राज्यों से भी पहुंचते हैं श्रद्धालु
नवरात्र के दौरान यहां विशेष मान्यता है कि जो श्रद्धालु लगातार पांच पूर्णिमा तक दर्शन करते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी कारण मध्यप्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक जैसे राज्यों से भी बड़ी संख्या में भक्त यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं, स्थानीय प्रशासन भी भीड़ को देखते हुए सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए है। नवरात्र के चलते आने वाले दिनों में यहां श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।



Source link