निवाड़ी जिले के ओरछा में 16 से 20 मार्च 2026 तक आपदा प्रबंधन का मेगा मॉक ड्रिल और जागरूकता अभियान चलाया गया। कलेक्टर जमुना भिड़े के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जिला पुलिस ने आगजनी तथा बाढ़ जैसी गंभीर स्थितियों से निपटने का सजीव प्रदर्शन किया। आगजनी से बचाव का लाइव डेमो दिया अभियान के दौरान ओरछा स्वास्थ्य केंद्र में आग लगने की स्थिति में रेस्क्यू ऑपरेशन का मॉक ड्रिल किया गया। एनडीआरएफ वाराणसी के डिप्टी कमांडेंट प्रेम कुमार पासवान के मार्गदर्शन में अस्पताल से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक चिकित्सा देने और फायर ब्रिगेड के साथ समन्वय की तकनीकों का प्रदर्शन हुआ। इस दौरान मेडिकल टीम और फायर फाइटर्स ने त्वरित रिस्पॉन्स की अपनी क्षमता दिखाई। बेतवा नदी में बाढ़ प्रभावितों का सफल रेस्क्यू अभ्यास ओरछा की बेतवा नदी में बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए विशेष अभ्यास आयोजित किया गया। इसमें एनडीआरएफ, होमगार्ड और जिला रिस्पॉन्स टीम ने रेस्क्यू बोट, लाइफ जैकेट और अन्य आधुनिक उपकरणों का उपयोग कर डूबते व्यक्तियों को बचाने का प्रदर्शन किया। इस ड्रिल में त्वरित प्रतिक्रिया बल (QRF) ने जल आपदा के समय अपनाई जाने वाली विभिन्न जीवन रक्षक प्रणालियों की बारीकियों को साझा किया। विभिन्न विभागों का सामूहिक प्रशिक्षण हुआ मॉक ड्रिल में जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना, एसडीओपी केके पांडे और एनडीआरएफ के मेडिकल ऑफिसर डॉ. विवेक सिंह सहित स्वास्थ्य, लोक निर्माण और नगर पालिका विभाग के अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान आपदा के समय ‘क्या करें और क्या न करें’ के बारे में आम जनता को भी जागरूक किया गया, ताकि किसी भी अनहोनी की स्थिति में जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
Source link