Last Updated:
Narshinghpur News: नरसिंहपुर में कांग्रेस के कार्यक्रम में कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए और दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्व सांसद नकुल नाथ भी पहुंचे थे. फिलहाल पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण कर लिया है.
नरसिंहपुर में कांग्रेस के कार्यक्रम में हुआ बवाल
रिपोर्ट-राहुल मेहरा
Nakul Nath: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान हंगामा हुआ है. रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर आयोजन हुआ था और पूर्व सांसद नकुलनाथ भी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे. लेकिन जैसे ही नकुलनाथ मंच से उतरे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में किसी बात को लेकर जमकर बहस हुई और बाद में इस झड़प ने उग्र रूप ले लिया.
किसी भी पक्ष ने पुलिस में नहीं की शिकायत
कार्यक्रम में विवाद इतना बढ़ गया कि दो गुटों के बीच जमकर छींटाकशी हुई. इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला लिया. फिलहाल हालात काबू में बताए जा रहे हैं. अभी तक किसी भी पक्ष ने इसकी शिकायत पुलिस थाने में नहीं दी है और यह भी पता नहीं चल पाया है कि कार्यकर्ताओं में किस बात को लेकर बहस हुई.
नकुल नाथ ने बीजेपी की सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम में बोलते हुए पूर्व सांसद नकुल नाथ ने कहा कि आज हमारे प्रदेश में हर वर्ग परेशान है. चाहें वह किसान हों, नौजवान हों या फिर महिलाएं हों. अभी सबसे ज्यादा बेरोजगारी हमारे मध्य प्रदेश में है. उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने किसानों से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन उन्हें अपनी फसलों का समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है. प्रदेश में जगह-जगह ओलावृष्टि और अतिवृष्टि हुई है. मैं भारतीय जनता पार्टी से मांग करता हूं किसानों को तुरंत मुआवजा दें.
साल 2024 में लोकसभा चुनाव हारे थे नकुल नाथ
नकुल नाथ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे हैं. जब कमल नाथ MP के मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने अपनी छिंदवाड़ा लोकसभा सीट छोड़ दी. इसके बाद इस सीट से उनके बेटे ने 2019 में चुनाव जीता था और लोकसभा पहुंचे थे. लेकिन साल 2024 के चुनाव में नकुल नाथ को भारतीय जनता पार्टी के विवेक बंटी साहू से हार का सामना करना पड़ा था.