आगर पुलिस ने 613 किलो डोडाचूरा जब्त किया: जब्त डोडाचूरा की कीमत 1.53 करोड़ रुपये, पंजाब ले जा रहा था आरोपी – Agar Malwa News

आगर पुलिस ने 613 किलो डोडाचूरा जब्त किया:  जब्त डोडाचूरा की कीमत 1.53 करोड़ रुपये, पंजाब ले जा रहा था आरोपी – Agar Malwa News




आगर मालवा जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने 613 किलो 600 ग्राम अवैध डोडाचूरा से भरा एक कंटेनर ट्रक जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ, वाहन और अन्य सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 53 लाख 46 हजार रुपये आंकी गई है। एएसपी रविंद्र कुमार बोयट ने बताया कि 21 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, एक कंटेनर ट्रक में सोया डीओसी की बोरियों के बीच अवैध डोडाचूरा छिपाकर ले जाया जा रहा था। यह वाहन सारंगपुर-कानड़-आगर मार्ग से सुसनेर होते हुए पंजाब की ओर जा रहा था। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गणेश घाटी क्षेत्र में आगर-सारंगपुर रोड पर नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोका। रोके गए कंटेनर ट्रक (क्रमांक PB-02-EQ-1281) के चालक ने अपनी पहचान विकर सिंह निवासी जिला तरन तारन (पंजाब) के रूप में बताई। कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें भरी 325 बोरियों में से 31 बोरियों में डोडाचूरा छिपा हुआ मिला। इन बोरियों का वजन करने पर कुल 613 किलो 600 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के पास से दो एंड्रायड मोबाइल फोन, नगद राशि, कंटेनर ट्रक और अन्य संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए हैं। आरोपी के पास मादक पदार्थ के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।



Source link