आरक्षक ने सीपीआर देकर बचाई जान: आगर मालवा में बेहोश मिले शख्स को दिया जीवनदान – Agar Malwa News

आरक्षक ने सीपीआर देकर बचाई जान:  आगर मालवा में बेहोश मिले शख्स को दिया जीवनदान – Agar Malwa News




आगर मालवा जिले में पुलिस की तत्परता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। बड़ौद चौराहे पर ड्यूटी के दौरान एक आरक्षक ने समय पर सीपीआर देकर एक व्यक्ति की जान बचाई। यह घटना रविवार सुबह बड़ौद चौराहे पर हुई। एक सफाईकर्मी महिला ने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक योगेंद्र को एक व्यक्ति के बेसुध बैठे होने की सूचना दी। आरक्षक योगेंद्र मौके पर पहुंचे, तभी वह व्यक्ति अचानक गिरकर अचेत हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक योगेंद्र ने तत्काल सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। उन्होंने साथ ही व्यक्ति के परिजनों को भी सूचित किया। लगातार प्रयासों के बाद व्यक्ति को होश आया, जिसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अचेत हुए व्यक्ति की पहचान 55 वर्षीय नरेंद्र सिंह राजपूत के रूप में हुई है, जो आगर की मास्टर कॉलोनी के निवासी हैं। आरक्षक की त्वरित कार्रवाई से उनकी जान बचाई जा सकी। उल्लेखनीय है कि पुलिस विभाग द्वारा जिले के पुलिसकर्मियों को सीपीआर और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया गया है। आरक्षक योगेंद्र की यह कार्रवाई इसी प्रशिक्षण का परिणाम मानी जा रही है, जिससे आपात स्थिति में एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।



Source link