अजयगढ़ पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 150 लीटर अवैध शराब और उसे ले जा रही कार जब्त की है। जब्त की गई शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 3,80,600 रुपए आंकी गई है। थाना प्रभारी हरीसिंह ठाकुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मारुति ऑल्टो कार से भारी मात्रा में अवैध शराब ग्राम सीलोना ले जाई जा रही है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने जाल बिछाया और संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। इसमें 9 पेटी अंग्रेजी शराब (गोवा ब्रांड, 450 क्वार्टर) और 08 पेटी देशी प्लेन शराब (380 क्वार्टर) शामिल थी। कुल 17 पेटी यानी लगभग 150 लीटर शराब जब्त की गई। पुलिस ने शराब के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त मारुति ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया। अजयगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी अखलेश यादव के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 141/26 दर्ज किया है। मामले की आगे की विवेचना की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हरीसिंह ठाकुर के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अशोक कुमार, आरक्षक भूपाल सिंह, भूरी सिंह, अमित यादव और रामनरेश पटेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Source link