खरगोन में ढोल-ताशे बजाकर होगी कर वसूली: 825 बकायादारों को नोटिस जारी, 10 करोड़ है बकाया – Khargone News

खरगोन में ढोल-ताशे बजाकर होगी कर वसूली:  825 बकायादारों को नोटिस जारी, 10 करोड़ है बकाया – Khargone News




खरगोन नगर पालिका ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बकाया कर की वसूली के लिए एक अनोखा तरीका अपनाते हुए 25 मार्च से बकायेदारों के घर के बाहर ढोल-ताशे बजाने का निर्णय लिया है। लगातार नोटिस के बाद भी टैक्स जमा न करने पर 10 करोड़ रुपए से अधिक की पेंडिंग वसूली के लिए 825 बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी किए गए हैं। सार्वजनिक शर्मिंदगी महसूस कराने के उद्देश्य से शुरू हो रहे इस अभियान के तहत सख्ती बरतते हुए राजस्व विभाग की टीम अब तक 50 नल कनेक्शन भी काट चुकी है और 31 मार्च तक 10 करोड़ रुपए वसूलने का लक्ष्य रखा गया है। 825 को अंतिम नोटिस, 200 लोगों पर 25 हजार से ज्यादा बकाया नगर पालिका ने कर वसूली के लिए शहर के 825 बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी किए हैं। इनमें से 200 लोग ऐसे हैं जिन पर 25 हजार रुपए से अधिक का कर बकाया है। प्रशासन द्वारा इस तरीके को लोगों को सार्वजनिक रूप से शर्मिंदगी महसूस कराने और अपना कर जमा करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अपनाया गया है। राजस्व प्रभारी बोले- 25 मार्च से ढोल-ताशे के साथ पहुंचेगी टीम नगर पालिका के राजस्व प्रभारी महेश वर्मा ने बताया कि, “शहर में कुल 45 हजार करदाता हैं। आगामी एक सप्ताह में 10 करोड़ रुपए की वसूली का लक्ष्य रखा गया है।” उन्होंने जानकारी दी कि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए राजस्व विभाग की टीम 25 मार्च से ढोल-ताशे के साथ बकायेदारों के घरों पर पहुंचेगी। अब तक 14 करोड़ की वसूली, 31 मार्च तक 10 करोड़ का और लक्ष्य नगर पालिका के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 12 करोड़ 34 लाख रुपए और पिछले वर्षों के 12 करोड़ 49 लाख रुपए बकाया हैं। विभाग द्वारा अब तक लगभग 14 करोड़ रुपए की वसूली की जा चुकी है। नगर पालिका का लक्ष्य है कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति यानी आगामी 31 मार्च तक 10 करोड़ रुपए की और वसूली कर ली जाए। सख्ती जारी, अब तक 50 नल कनेक्शन काटे राजस्व विभाग की टीम बकाया कर वसूली के इस अभियान में लगातार सख्ती बरत रही है। कर जमा न करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभाग द्वारा अब तक शहर में 50 नल कनेक्शन भी काटे जा चुके हैं।



Source link