छतरपुर के बंसिया में दिखा तेंदुआ: गांव से 500 मीटर दूर पहाड़ी पर बैठा नजर आया; कुछ दिन पहले कुएं में मिला था शव – Chhatarpur (MP) News

छतरपुर के बंसिया में दिखा तेंदुआ:  गांव से 500 मीटर दूर पहाड़ी पर बैठा नजर आया; कुछ दिन पहले कुएं में मिला था शव – Chhatarpur (MP) News




छतरपुर जिले के बंसिया गांव से महज 400 से 500 मीटर दूर भुराने की पहाड़ी पर सोमवार शाम एक बार फिर तेंदुआ नजर आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। कुछ दिनों पहले इसी इलाके के एक कुएं में तेंदुए का शव मिला था, जिसके बाद अब फिर से तेंदुआ दिखने पर ग्रामीणों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया है। मामले की सूचना मिलने पर डीएफओ ऋषि मिश्रा ने रेंजर को गांव में मुनादी कराने, लोगों को जागरूक करने और मौके पर टीम भेजकर लगातार निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। शाम 5:30 बजे पहाड़ी पर दिखा, ग्रामीणों ने बनाया वीडियो सोमवार शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच भुराने की पहाड़ी पर एक तेंदुआ बैठा हुआ नजर आया। ग्रामीणों ने पहाड़ी पर बैठे इस तेंदुए के फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से तेंदुआ नियमित रूप से पहाड़ी पर दिखाई दे रहा है। गांव से पहाड़ी की दूरी कम होने के कारण ग्रामीणों को डर है कि तेंदुआ आबादी वाले क्षेत्र में आकर किसी को नुकसान पहुंचा सकता है। पटाखे फोड़कर भगाया था, फिर लौट आया तेंदुआ ग्रामीणों के अनुसार, स्थानीय वन विभाग को तेंदुए की मौजूदगी की सूचना पहले भी दी गई थी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पटाखे फोड़कर तेंदुए को भगाने का प्रयास भी किया था। हालांकि, कर्मचारियों के यह प्रयास नाकाफी साबित हुए और सोमवार शाम को तेंदुआ फिर से उसी पहाड़ी पर नजर आ गया, जिससे गांव में दहशत का माहौल है। कुछ दिन पहले कुएं में मिला था तेंदुए का शव बंसिया गांव के इसी क्षेत्र में कुछ दिनों पहले एक कुएं के अंदर तेंदुए का शव बरामद हुआ था। उस घटना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने कार्रवाई की थी और मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था। अब दोबारा उसी जगह तेंदुआ दिखने से वन अमला अलर्ट हो गया है। डीएफओ बोले- रेंजर को टीम भेजने के निर्देश दिए हैं वन विभाग के डीएफओ ऋषि मिश्रा ने बताया कि, “उन्हें पहले भी इस संबंध में सूचना मिली थी। उन्होंने रेंजर को मुनादी कराने और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए थे।” डीएफओ ने आगे बताया कि, “आज फिर रेंजर से बात की गई है और मौके पर टीम भेजने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की टीम स्थिति पर नजर रख रही है और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।”



Source link