जिले में पुलिस ने अवैध खनन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न थानों की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए अवैध रूप से पत्थर, रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। एसपी के निर्देश पर चला अभियान यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ के निर्देश पर की गई। जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध खनन के मामलों को पकड़ा। हर थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। नूराबाद थाना की कार्रवाई नूराबाद थाना पुलिस ने नूराबाद तिराहे से अवैध पत्थर (बोल्डर) से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। चालक से जब वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी ध्यानेंद्र गुर्जर पुत्र प्रताप सिंह गुर्जर निवासी बहरवाली रिठौरा को गिरफ्तार किया। कैलारस थाना की कार्रवाई कैलारस थाना पुलिस ने बिना रजिस्ट्रेशन के अवैध रेत परिवहन कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। इस मामले में आरोपी चालक रिंकू यादव पुत्र जसवंत यादव निवासी कैमरा घाघ को गिरफ्तार किया गया। ट्रैक्टर को जब्त कर राजसात की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। चिन्नोनी थाना की कार्रवाई चिन्नोनी थाना पुलिस ने हनुमान घाट के पास से अवैध रेत ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। पुलिस ने आरोपी चालक जितेंद्र गुर्जर पुत्र मुन्ना गुर्जर निवासी कड़ाबना को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। अंबाह थाना की कार्रवाई अंबाह थाना पुलिस ने अवैध गिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी हैं। जब चालकों से गिट्टी के दस्तावेज मांगे गए तो वे प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बीरेंद्र तोमर पुत्र राजेंद्र तोमर निवासी मिश्रण का पूरे और बंटी पुत्र सुरेंद्र गुर्जर निवासी बरेठा शामिल हैं। पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली और पांच आरोपी पकड़े पूरे जिले में चली इस कार्रवाई के दौरान कुल पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल सिंह डावर ने बताया कि जिले भर में अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
Source link