शुक्र का मेष राशि में प्रवेश; 3 राशियों के जीवन में आएगा भूचाल, बचाव के उपाय

शुक्र का मेष राशि में प्रवेश; 3 राशियों के जीवन में आएगा भूचाल, बचाव के उपाय


उज्जैन. हिंदू धर्म में ज्योतिष शास्त्र को जीवन की दिशा तय करने वाला अहम शास्त्र माना जाता है. ग्रहों की चाल समय-समय पर बदलती रहती है और इसका असर हर राशि के जातकों पर देखने को मिलता है. केवल राशि ही नहीं बल्कि नक्षत्र परिवर्तन भी जीवन में उतार-चढ़ाव लाता है. इसी क्रम में 26 मार्च 2026 को शुक्र ग्रह मेष राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं. शुक्र को प्रेम, वैवाहिक सुख, सौंदर्य, धन और ऐश्वर्य का प्रतीक माना गया है. कुंडली में इसकी मजबूत स्थिति व्यक्ति को सुख-सुविधाओं से भरपूर जीवन देती है और रिश्तों में मिठास बनाए रखती है लेकिन जब शुक्र की स्थिति कमजोर होती है, तो जीवन में असंतुलन और तनाव बढ़ सकता है. इस बार शुक्र का मेष राशि में गोचर कुछ राशियों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है, जहां सावधानी और समझदारी से काम लेना बेहद जरूरी रहेगा.

ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस परिवर्तन से कुछ जातकों को आर्थिक हानि, वैवाहिक तनाव और मानसिक अशांति का सामना करना पड़ सकता है. आइए उज्जैन के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज से जानते हैं, शुक्र गोचर किन राशियों के लिए अशुभ साबित हो सकता है और इन नकारात्मक प्रभावों से बचने के लिए कौन से विशेष उपाय करने चाहिए.

तीन राशियों को रहना होगा सावधान
वृषभ- इस राशि के जातकों के लिए शुक्र का यह गोचर चुनौतीपूर्ण संकेत दे रहा है. इस दौरान आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है और धन संबंधी परेशानियां बढ़ने की आशंका है. व्यापार में हानि के योग बन रहे हैं, इसलिए सोच-समझकर निर्णय लें. साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही दुर्घटना का कारण बन सकती है. महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में बाधाएं आ सकती हैं, जिससे निराशा महसूस हो सकती है. ऐसे समय में अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना बेहद जरूरी है ताकि रिश्तों में तनाव न बढ़े.

कन्या- इस राशि के जातकों के लिए यह बदलाव कुछ चुनौतियां लेकर आ सकता है. परिवार में तनाव और रिश्तों में खटास बढ़ने के संकेत हैं. वहीं दांपत्य जीवन में विवाद की स्थिति बन सकती है. व्यापार करने वालों को नुकसान और आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे समय में धैर्य बनाए रखें और किसी से भी कठोर या अपमानजनक शब्द कहने से बचें, यही समझदारी आपको मुश्किलों से बाहर निकाल सकती है.

वृश्चिक- इस राशि के लोगों के लिए शुक्र का गोचर कुछ चुनौतियां लेकर आ सकता है. मानसिक बेचैनी और उदासी बनी रह सकती है, जिससे दिनचर्या प्रभावित होगी. परिवार में तनाव का माहौल बन सकता है, इसलिए धैर्य बनाए रखना जरूरी है. कार्यस्थल पर मन कम लगेगा और कामों में रुकावटें आ सकती हैं. सहकर्मियों से मतभेद होने की संभावना है, इसलिए विवाद से बचें और संयम से काम लें.

इन उपायों से मिलेगी राहत
ज्योतिष के अनुसार, इस समय शुक्र ग्रह को शांत रखने के लिए कुछ खास उपाय करना बहुत लाभकारी माना जाता है. इस दौरान सफेद रंग को जीवन में अधिक शामिल करें. सफेद कपड़े पहनें और चावल, चीनी जैसी सफेद वस्तुएं जरूरतमंदों को दान करें. खासकर शुक्रवार को श्रद्धा से खीर बनाकर गरीब व्यक्ति को खिलाना बेहद शुभ माना गया है. मान्यता है कि इन उपायों से शुक्र दोष कम होता है और जीवन की परेशानियां धीरे-धीरे दूर होने लगती हैं.



Source link