Last Updated:
उज्जैन में मुख्यमंत्री मोहन यादव के 25 मार्च के जन्मदिन से पहले धार्मिक माहौल बन गया है. मां बगलामुखी मंदिर में उनके उज्ज्वल भविष्य और लंबी उम्र के लिए मिर्ची यज्ञ किया गया. बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और उनकी सफलता की कामना की. शहर में भी जन्मदिन को लेकर उत्साह और तैयारियां तेज हैं.
धार्मिक नगरी उज्जैन में इन दिनों खास उत्साह और आस्था के रंग नजर आ रहे हैं. वजह है मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का 25 मार्च को आने वाला जन्मदिन. इस खास मौके से पहले ही शहर में धार्मिक माहौल बनना शुरू हो गया है. इसी कड़ी में मां बगलामुखी धाम मंदिर में एक विशेष मिर्ची यज्ञ का आयोजन किया गया. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी. हर कोई मुख्यमंत्री की लंबी उम्र, उज्ज्वल भविष्य और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करने पहुंचा था.
मंदिर में महंत महावीर नाथ और पीर योगी रामनाथ महाराज के सान्निध्य में यज्ञ की शुरुआत हुई. मंत्रोच्चार के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया. यज्ञ में शामिल लोगों ने हाथों में मुख्यमंत्री की तस्वीरें थाम रखी थीं और पूरे श्रद्धा भाव से आहुति दे रहे थे. हर आहुति के साथ एक ही कामना गूंज रही थी. प्रदेश तरक्की करे और मुख्यमंत्री स्वस्थ व सफल रहें. यह नजारा सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोगों की आस्था और अपने नेता के प्रति विश्वास का प्रतीक बन गया.
विशेष मंत्रों की गूंज से हुईं उज्वल भविष्य की कामना
कहानी की शुरुआत मां बगलामुखी धाम से होती है, जहां मुख्यमंत्री का आस्था से गहरा जुड़ाव रहा है. बताया जाता है कि वे समय-समय पर यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं और मिर्ची यज्ञ में भी भाग लेते रहे हैं. हाल ही में अपने उज्जैन दौरे के दौरान भी उन्होंने प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि के लिए यज्ञ किया था. अब उनके जन्मदिन से पहले, उनके समर्थकों ने उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंदिर में विशेष मिर्ची यज्ञ का आयोजन किया. श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे, हाथों में उनकी तस्वीरें लेकर उनकी लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
लाडली बहना का भी दिखा मुख्यमंत्री के लिए प्यार
लाडली बहना प्रीति बैरागी ने बताया आज मुख्यमंत्री मोहन यादव भैया के लिए मां के दरबार में दीर्घायु की कामना लेकर पहुंचे थे. इस दौरान मां के चरणों में शीश नवाकर उनके मंगल स्वास्थ की कामना की. उन्होंने लगातार लाडली बहनों की काफी सहायता की है. अब आने वाले समय में लगातार लाडली बहना की राशि मे बढ़ोतरी हो रही है. जिससे हमारे बच्चों की पढ़ाई का खर्चा खत्म हो गया है. माता रानी से यही प्रार्थना है वह हमेशा स्वस्थ रहें और लगातार विकास की गंगा बहाए.
उज्जैन की रहने वाली रेणुका ने बताया कि मोहन भैया लगातार उज्जैन और पूरे प्रदेश में विकास कर रहे हैं, जो की बहुत सराहनीय है. अब उन्होंने धार्मिक नगरी उज्जैन में शराब बंद भी करवा दी है. जिससे घरों में जहां रोज लड़ाई-झगड़े होते थे. अब खुशी देखने को मिलती है. शराब बंदी के बाद उज्जैन का हर परिवार खुश है. इसलिए आज उनके स्वास्थ्य के लिए मंगल कामना करने आई हूं. मां के दरबार में मिर्ची यज्ञ का विशेष महत्व है.
पूरे शहर में लगे बधाई के पोस्टर
शहर में जगह-जगह लगे होर्डिंग्स और चल रही तैयारियां इस बात का संकेत दे रही हैं कि यह सिर्फ जन्मदिन नहीं, बल्कि एक उत्सव बन चुका है. समर्थकों का मानना है कि प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों ने लोगों के दिलों में विश्वास जगाया है और यही कारण है कि वे अपने नेता की सफलता और दीर्घायु के लिए पूरे मन से प्रार्थना कर रहे हैं.