Last Updated:
चेपॉक में संजू की एंट्री ठीक ऐसे हुई जैसे येलो आर्मी ने अपना नया हीरो ढूंढ लिया है. हालांकि ये बड़ा सवाल है कि यह सिर्फ एक भावुक करने वाला पल था या सच में CSK में नई युग की शुरुआत है.
क्या है चेन्नई सुपर किंग्स और धोनी का प्लान?
चेन्नई का MA चिंदबरम स्टेडियम, 21 हजार दर्शक, मौसम में गर्मी हावी थी मगर प्रशंसकों के जोश के आगे वह भी फीकी पड़ गई. जब थाला मैदान में उतरे तो शोर ये बताने के लिए काफी था कि CSK के लिए धोनी की क्या अहमियत है. एक महिला प्रशंसक की आंखों से तो आंसू बह निकले जिसका वीडियो भी खूब वायरल हुआ. लोगों ने जर्सियां लहराईं, नारे लगाए और अपने पसंदीदा खिलाड़ी का दिल खोलकर स्वागत किया.
ऐसा ही ठीक दूसरी बार तब हुआ जब टी-20 वर्ल्डकप के हीरो रहे संजू सैमसन मैदान पर आए. मैदान में उतना ही शोर था और दर्शकों में उतना ही जोश. संजू पहली बार CSK की जर्सी पहनकर मैदान में उतरे थे, मगर जिस तरह उनका स्वागत किया गया उससे ऐसा लगा नहीं. संजू को दर्शकों ने जो प्यार दिया ऐसा धोनी के अलावा शायद ही किसी को मिला हो.
चेपॉक में संजू की एंट्री ठीक ऐसे हुई जैसे येलो आर्मी ने अपना नया हीरो ढूंढ लिया है. हालांकि ये बड़ा सवाल है कि यह सिर्फ एक भावुक करने वाला पल था या सच में CSK में नई युग की शुरुआत है. ऐसा इसलिए भी कहा जा रहा है क्योंकि लगातार धोनी के रिटायरमेंट की चर्चा जोर पकड़ रही है. बेशक माही ने इस पर कोई रिएक्शन नहीं दिया, दर्शक भी उन्हें खेलते देखना चाहते हैं, मगर किसी भी खिलाड़ी के लिए सबसे ज्यादा मायने उसकी परफॉर्मेंस रखती है. धोनी अब 45 साल के होने चके हैंं, वह दुनिया के बेस्ट फिनिशर्स में शुमार हैं, मगर CSK के लिए अब वह 10-12 बॉल खेलने ही उतरते हैं. अगर पिछले सीजन की ही बात करें तो धोनी ने पूरी लीग में 145 गेंदें खेली थीं जिन पर 196 रन बनाए थे.
महेंद्र सिंह धोनी की एंट्री पर भावुक हुई महिला फैन
चेन्नई सुपर किंग्स की पहचान महेंद्र सिंह धोनी हैं, इसके लिए उन्होंने आंकड़ों और रिकॉर्ड से परे अपनी एक विरासत बनाई है. आईपीएल की शुरुआत से अब तक लगातार 18 सीजन धोनी CSK के साथ रहे हैं. टीम का प्रदर्शन अगर किसी सीजन में बुरा भी रहा है तो धोनी ने आगे बढ़कर इसकी जिम्मेदारी ली है. हाल ही में ROAR 2026 में धोनी ने खुद कहा कि आईपीएल शायद अन्य लोगों के लिए एक मनोरंजन हो मगर CSK के लिए ये एक इमोशन है.
धोनी और CSK का ये बॉन्ड यूं ही नहीं है. अब तक माही चेन्नई सुपर किंग्स को 5 बार आईपीएल का खिताब जिता चुके हैं. किसी भी आईपीएल टीम के मुताबिक सीएसके की लंबे समय तक कप्तानी करने वाले माही ही हैं. सीएसके पास उनका कोई विकल्प भी नहीं, 2022 में जब रविंद्र जडेजा ने बीच सीजन कप्तानी छोड़ी तो धोनी ने ही कमान संभाली. पिछले सीजन में गायकवाड़ के बाहर होने के बाद भी धोनी ही टीम के कप्तान बने.

