पहली कक्षा के बच्चे की स्कूल में संदिग्ध मौत: खेलते समय अचानक शरीर में कई जगह आ गई थी सूजन – Satna News

पहली कक्षा के बच्चे की स्कूल में संदिग्ध मौत:  खेलते समय अचानक शरीर में कई जगह आ गई थी सूजन – Satna News




सतना जिले के मझगवां विकासखंड के गोपालपुर में शासकीय प्राथमिक शाला के पहली कक्षा के 7 वर्षीय छात्र उमाकांत विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को स्कूल में खेलते समय उमाकांत के शरीर में अचानक सूजन आ गई थी। उसके पिता राजेंद्र विश्वकर्मा पेशे से श्रमिक हैं। हेड मास्टर मुन्ना लाल प्रजापति ने पुलिस को बताया कि दोपहर के भोजन (लंच टाइम) में बच्चों को मिड डे मील (एमडीएम) के तहत दाल-चावल परोसे गए थे। भोजन के बाद सभी बच्चे खेलने लगे। इसी दौरान उमाकांत की आंखों, होंठ और पैरों में सूजन आ गई और वह खेलते-खेलते शिथिल होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना तत्काल बच्चे के परिजनों को दी गई। हालांकि, अस्पताल ले जाने से पहले ही उमाकांत की स्कूल में ही मृत्यु हो गई। शव को बरौंधा स्थित शासकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। थाना प्रभारी अभिनव सिंह ने बताया कि बच्चे का पोस्टमार्टम 26 मार्च को मेडिकल टीम द्वारा कराया जाएगा। घटना की खबर मिलते ही बरौंधा सर्किल के नायब तहसीलदार डॉ. सुदामा कोल, डीपीसी विष्णु त्रिपाठी, एमडीएम प्रभारी आशीष द्विवेदी, सहायक संचालक सुधांशु द्विवेदी, एपीसी आनंद मिश्रा और बीआरसी जगतेंद्र त्रिपाठी स्कूल पहुंचे। एमडीएम टीम ने मिड डे मील में परोसे गए दाल-चावल, अन्य खाद्यान्न सामग्री और हैंडपंप के पानी के नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए हैं। उमाकांत की मौत के बाद परिजन उसे दफनाने की तैयारी कर रहे थे। मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम और पुलिस ने उन्हें समझाया कि बच्चे की मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम से ही पता चल पाएगा। समझाइश के बाद परिजन मान गए और शव को मोर्चरी में शिफ्ट कर दिया गया।



Source link