बड़वानी के अंजड़ नाका स्थित श्री सांई शनैश्वर पशुपतिनाथ मंदिर में श्रीराम नवमी महापर्व के भव्य आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 26 मार्च 2026, गुरुवार को दोपहर 4 बजे मां गायत्री मंदिर से भगवान श्रीराम दरबार की भव्य शोभायात्रा और श्री साईं बाबा की पालकी यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा रानीपुरा, जैन मंदिर, रणजीत चौक, एमजी रोड, कारंजा चौराहा होते हुए श्री सांई शनैश्वर पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण होंगी। वहीं, 27 मार्च 2026, शुक्रवार को सुबह 7:30 बजे अभिषेक पूजन एवं श्रीराम महायज्ञ का आयोजन होगा। इसके बाद सुबह 10:30 बजे पूर्णाहुति, महाआरती और विशाल भंडारे का शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। सजाई जाएगी झांकी आयोजन में भगवान श्रीराम की भव्य झांकी, साईं बाबा की चावड़ी, रुक्मिणी-विट्ठल रास, बाहुबली हनुमान प्रस्तुति, राजस्थान का कठपुतली नृत्य, अघोरी शिव नृत्य, आदिवासी नृत्य, दयाबेन-जेठालाल कार्टून एक्ट, ढोल-नगाड़े और स्पेशल बैंड जैसी अनेक आकर्षक प्रस्तुतियां भी शामिल रहेंगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण आयोजन को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से आज भंडारा स्थल और पालकी यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया गया। इस दौरान नायब तहसीलदार सोनू गोयल, कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत बिसेन, पुलिस बल, यातायात पुलिस, बिजली विभाग के जनक गंगराड़े, नगर पालिका के अधिकारी सहित जिला प्रशासन की टीम और मंदिर समिति के अनिल जोशी, श्याम गुप्ता, अखिलेश पालके, संजय गुप्ता, सचिन शर्मा, प्रेमलाल यादव, राजेन्द्र पिपरे, आदित्य शर्मा, लछु कुशवाह, संजय जोशी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में टेंट, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य तेजी से जारी है। समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर सहयोग करने और धर्मलाभ लेने की अपील की है।
Source link