चैत्र नवरात्रि के सातवें दिन मैहर स्थित प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर में भक्तों का हुजूम उमड़ा। बुधवार रात 9 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, कुल 1 लाख 11 हजार 689 श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में मत्था टेका। त्रिकूट पर्वत पर स्थित मंदिर के सीढ़ी मार्ग, रोपवे और परिसर में दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं। सीढ़ी मार्ग से 1.05 लाख भक्तों ने पैदल की चढ़ाई प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, मां के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में सबसे बड़ी संख्या पैदल चलने वालों की रही। कुल 1,05,249 श्रद्धालुओं ने पारंपरिक सीढ़ी मार्ग से चढ़कर मंदिर तक का सफर तय किया। इसके अलावा, 5,300 श्रद्धालुओं ने रोपवे का आनंद लिया, जबकि 1,140 भक्तों ने वैन मार्ग के जरिए मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। सुरक्षा और व्यवस्था के रहे कड़े इंतजाम नवरात्रि के पावन पर्व पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर से लेकर पूरे मार्ग तक विशेष पुलिस बल, स्वास्थ्य टीमें और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं। रोपवे और सीढ़ी मार्ग पर भीड़ नियंत्रण के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। त्रिकूट पर्वत पर गूंजे माता के जयकारे जैसे-जैसे नवरात्रि अपने समापन की ओर बढ़ रही है, मैहर में भक्तों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। प्रशासन का अनुमान है कि अष्टमी और नवमी के दिन यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। फिलहाल, पूरे मंदिर क्षेत्र में भक्ति का माहौल है और श्रद्धालु अनुशासन के साथ अपनी बारी का इंतजार कर दर्शन लाभ ले रहे हैं।
Source link