अशोकनगर जिले के चंदेरी में दिनदहाड़े हुए अपहरण और 5 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। घटना के कुछ घंटों के भीतर ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रशांत यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। यह घटना 25 मार्च को हुई। फरियादी अविरल जैन (23), निवासी चंदेरी ने पुलिस को बताया कि जब वह नानकपुर से सकवारा गांव जा रहा था, तभी रास्ते में तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोपियों की पहचान इंदु बुंदेला, भगोले उर्फ रनवीर बुंदेला और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट की, कट्टा अड़ाकर 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी और उसे डेढ़ घंटे का समय देकर छोड़ दिया। होटल संचालक से भी मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों ने इससे पहले होटल नक्षत्र पैलेस पर भी हंगामा किया था और उसके संचालक के साथ मारपीट की थी। दोनों मामलों में चंदेरी थाने में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित की। मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए घेराबंदी की गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने रानू राजा बुंदेला, निवासी टोडा (वर्तमान में प्राणपुर) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। पुलिस अब फरार आरोपियों इंदु बुंदेला, भगोले बुंदेला और जगदीश पटेल की तलाश कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपियों पर इनाम घोषित करने की भी तैयारी की है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Source link