‘वो कहानी के खलनायक हैं…’, डु प्लेसी ने गंभीर के बारे में ये क्या कह दिया

‘वो कहानी के खलनायक हैं…’,  डु प्लेसी ने गंभीर के बारे में ये क्या कह दिया


होमखेलक्रिकेट

‘वो कहानी के खलनायक हैं…’, डु प्लेसी ने गंभीर के बारे में ये क्या कह दिया

Last Updated:

Faf du Plessis on Gautam Gambhir: फाफ डु प्लेसी ने गौतम गंभीर की जमकर तारीफ की है. उन्होंने गंभीर की प्रतिस्पर्धा की तारीफ करते हुए कहा कि इसी वजह से कई बार वह ‘कहानी का खलनायक’ बन जाते हैं. लेकिन यही रवैया उनकी टीमों के लिए सबसे बड़ा हथियार रहा है.

Zoom

डु प्लेसी ने गौतम गंभीर की तारीफों के पुल बांधे.

नई दिल्ली.  दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी ने गौतम गंभीर की तेज प्रतिस्पर्धा की तारीफ करते हुए कहा कि इसी वजह से कई बार वह ‘कहानी का खलनायक’ बन जाते हैं, लेकिन यही रवैया उनकी टीमों के लिए सबसे बड़ा हथियार रहा है. डु प्लेसी ने कहा कि गंभीर की यही खासियत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) जैसी टीम को मजबूत बनाती है. गंभीर की कप्तानी में केकेआर ने 2012 और 2014 में आईपीएल जीता, और मेंटोर के तौर पर उनके मार्गदर्शन में टीम 2024 में तीसरी बार चैंपियन बनी. वह अब कोच के रूप में भारतीय टीम को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और इस साल के टी20 वर्ल्ड कप में जीत दिला चुके हैं.

डु प्लेसी ने जियोहॉटस्टार से कहा, ‘गंभीर को लेकर मेरा नजरिया उन खिलाड़ियों से अलग है, जो उनके साथ खेलते हैं. उनके खिलाफ खेलते समय वह हमेशा कहानी के खलनायक होते हैं, लेकिन आप उनका सम्मान करते हैं.’ उन्होंने कहा, ‘गौतम गंभीर की सबसे बड़ी खासियत है कि वह बहुत प्रतिस्पर्धी हैं. उन्हें इस बात की परवाह नहीं होती कि कोई उन्हें पसंद करता है या नहीं. एक लीडर के तौर पर उनका काम ऊंचे मानक तय करना और ड्रेसिंग रूम में जवाबदेही रखना है.’

डु प्लेसी ने गौतम गंभीर की तारीफों के पुल बांधे.

डु प्लेसी के मुताबिक, गंभीर किसी भी ड्रेसिंग रूम में ऊंचे मानक और जवाबदेही लाते हैं, जो विरोधी कप्तान के लिए भी प्रेरणा बनता है. उन्होंने कहा, ‘कप्तान के तौर पर जब आप उनके खिलाफ खेलते हैं, तो उनके व्यक्तित्व की वजह से आप उन्हें हराना चाहते हैं, लेकिन साथ ही आप उनका सम्मान भी करते हैं कि वह इतने ऊंचे मानक रखते हैं.’ उन्होंने कहा, ‘अच्छे कप्तान यही करते हैं और गंभीर ने अपने करियर की शुरुआत से ही यह दिखाया है. उनके रिकॉर्ड को देखें तो मानना पड़ेगा कि लीडरशिप के नजरिए से उनकी मौजूदगी में केकेआर एक मजबूत टीम थी.’

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की कप्तानी कर चुके डु प्लेसी ने कहा कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट में लीडरशिप सिर्फ कप्तान तक सीमित नहीं होती. उन्होंने कहा, ‘लोग अक्सर किसी टीम में लीडरशिप की बात करते समय कप्तान के बारे में सोचते हैं. हां, कप्तान की भूमिका अहम होती है, लेकिन मेरे लिए यह सबसे ऊपर से शुरू होती है. इसमें फ्रेंचाइजी के मालिक, कोच और टीम के भीतर का लीडरशिप ग्रुप शामिल होता है.’ उन्होंने कहा, ‘जब आप मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और केकेआर जैसी सफल टीमों को देखते हैं, तो वहां गौतम के साथ श्रेयस अय्यर, या (एमएस) धोनी के साथ (स्टीफन) फ्लेमिंग जैसे कॉम्बिनेशन दिखते हैं.

पिछले साल आरसीबी में भी एंडी फ्लावर और मो बॉबट के रूप में ऊपर मजबूत लीडरशिप थी, जबकि कप्तान (रजत पाटीदार) के लिए आईपीएल में पहली बार कप्तानी का अनुभव था.’ इस 41 साल के पूर्व खिलाड़ी ने टीम की सफलता के लिए कप्तान और कोच के बीच मजबूत तालमेल की जरूरत पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा, ‘अगर आपके पास एक मजबूत कप्तान है, तो काफी जिम्मेदारी उसी पर होती है क्योंकि वही टीम को आगे बढ़ाता है. लेकिन अगर कप्तान उतना मजबूत नहीं है, तो एक मजबूत कोच जिम्मेदारी उठाता है. मेरा मानना है कि यही वह जगह है, जहां गंभीर बहुत असरदार साबित हुए.’

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें



Source link