शाजापुर के मनिहारवाड़ी इलाके में एक युवक पर तलवार से हमला किया गया। बुधवार रात करीब 12 बजे घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, फरियादी राजेश केवट (32), निवासी भोईवाड़ा ने शिकायत दर्ज कराई है। राजेश ने बताया कि वह अपनी भांजी और मां के साथ मेला देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान मनिहारवाड़ी निवासी अमन पठान अपनी बाइक से आया और कट मारकर निकल गया, जिस पर देखने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। गाली-गलौज के बाद युवक पर तलवार से हमला आरोप है कि अमन पठान ने गाली-गलौज करते हुए राजेश पर तलवार से हमला कर दिया। राजेश ने बचाव में अपना हाथ आगे किया, जिससे उसकी कलाई में गंभीर चोट आई। इसके बाद फईम पठान अपने अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और लकड़ी, लात-घूंसों से राजेश के साथ मारपीट की। इस हमले में युवक के चेहरे और पेट पर भी चोटें आई हैं। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार घटना के दौरान शोर सुनकर पीड़ित का भाई विकास केवट और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर राजेश को बचाया। आरोपियों ने मौके से जाते हुए राजेश को जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी अमन पठान, फईम पठान और उनके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link