स्वतंत्रता और लोकतंत्र सेनानियों के परिजन हुए सम्मानित: बैतूल कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय गीत के 6 पदों का सामूहिक गायन; वंदे मातरम के 150 वर्ष – Betul News

स्वतंत्रता और लोकतंत्र सेनानियों के परिजन हुए सम्मानित:  बैतूल कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय गीत के 6 पदों का सामूहिक गायन; वंदे मातरम के 150 वर्ष – Betul News




बैतूल कलेक्ट्रेट में गुरुवार (26 मार्च) को ‘वंदे मातरम के 150 वर्ष’ अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के सभी 6 पदों का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों को शाल, श्रीफल व पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विधायक बोलीं- स्कूलों में वंदे मातरम का गायन अनिवार्य हो घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लोगों में देशभक्ति की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने जोर दिया कि भावी पीढ़ी को ऐसे आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रीय गीत का महत्व समझना चाहिए। श्रीमती उईके ने युवाओं से राष्ट्रीय गीत से प्रेरणा लेकर राष्ट्र कल्याण में भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि स्कूलों में वंदे मातरम का गायन अनिवार्य किया जाना चाहिए, ताकि बच्चे इसे सही ढंग से सीख सकें।
पीएम की प्रेरणा से हुआ 6 पदों का सामूहिक गायन जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार ने कहा कि भावी पीढ़ी को राष्ट्रगीत वंदे मातरम के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को समझना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से राष्ट्रीय गीत के सभी छह पदों का सामूहिक गायन किया गया। पवार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। वरिष्ठ समाजसेवी जितेंद्र कपूर ने भी अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की प्रेरणादायक भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार और जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे मुख्य रूप से शामिल हुए। प्रशासनिक अधिकारियों में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन सुमित सिंह उपस्थित रहे। इनके साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी भी मौजूद थे। देखिए कार्यक्रम की तस्वीरें…



Source link