हरदा में रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा: झांकियों, अखाड़ों ने दिखाए करतब; समरसता का दिया संदेश – Harda News

हरदा में रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा:  झांकियों, अखाड़ों ने दिखाए करतब; समरसता का दिया संदेश – Harda News




हरदा में शुक्रवार शाम को रामनवमी के अवसर पर श्री हिन्दू उत्सव समिति ने प्रभु श्री राम की भव्य शोभायात्रा निकाली। यह शोभायात्रा संत रविदास चौक से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए परशुराम चौक तक जाएगी। इसका आयोजन श्री हिन्दू उत्सव समिति, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है। शोभायात्रा में प्रभु श्री राम, लक्ष्मण, जानकी, हनुमान जी, केवट और माता शबरी की झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। इनके अतिरिक्त, भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़े, अखाड़ों का शौर्य प्रदर्शन, संतों के रथ और सुसज्जित वाहन भी शामिल थे। रामनवमी के इस पावन पर्व पर शहरवासियों ने अपने घरों के सामने रंगोली बनाकर और दीपक जलाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। पूर्व मंत्री कमल पटेल ने बताया कि प्रभु श्री राम का जन्मोत्सव पूरे देश सहित हरदा में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है, साथ ही रामजी के चरित्र को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष मुन्नालाल धनगर ने कहा कि शोभायात्रा में राम जी के जीवन से जुड़ी झांकियों के माध्यम से सभी को मिलजुलकर रहने और राम के आदर्शों पर चलकर देश व समाज के लिए त्याग व समर्पण करने की प्रेरणा दी जा रही है। उन्होंने सनातन धर्म के लोगों से एकजुट होने का आह्वान भी किया, जिससे देश सशक्त और मजबूत बन सके। शोभायात्रा का समापन परशुराम चौक पर होगा, जहां मां भारती और भगवान श्री राम की आरती की जाएगी। इसके बाद एक धर्म सभा आयोजित होगी और प्रसाद वितरण किया जाएगा। समिति ने यात्रा को भव्य और सफल बनाने में सहयोग के लिए हरदा के धर्म प्रेमी लोगों का आभार व्यक्त किया।



Source link