Last Updated:
David Warner Statement: पीएसएल के रोमांचक मुकाबले में कराची किंग्स ने क्वेटा ग्लैडिएटर्स को 14 रनों से शिकस्त दी. पहले बल्लेबाजी करते हुए कराची ने मोईन अली की नाबाद 48 रनों की आतिशी पारी की बदौलत 181 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्वेटा को शमिल हुसैन (52) ने तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन हसन अली की घातक गेंदबाजी (4/27) और स्पिनरों के कसे हुए स्पेल ने मैच का पासा पलट दिया. जीत के बाद कराची के कप्तान डेविड वॉर्नर ने बताया कि टीम को किसने मैच में वापसी कराई.
डेविड वॉर्नर की कप्तानी में कराची किंग्स ने पहला मैच अपने नाम किया.
नई दिल्ली. पाकिस्तान सुपर लीग के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में कराची किंग्स ने क्वेटा ग्लैडिएटर्स को 14 रनों से हराकर अपनी बादशाहत साबित कर दी है. कप्तान डेविड वॉर्नर की अगुआई वाली कराची किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 181 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया और फिर घातक गेंदबाजी के दम पर क्वेटा को 167 रनों पर ही रोक दिया. कराची किंग्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और ओपनर मोहम्मद वसीम बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए. हालांकि, कप्तान डेविड वॉर्नर (35 रन, 22 गेंद) ने कुछ आकर्षक शॉट्स खेलकर पारी को गति दी. मध्यक्रम में साद बेग (30) और सलमान आगा (22) ने योगदान दिया, लेकिन एक समय टीम ने कुछ खराब शॉट चयन के कारण जल्दी-जल्दी विकेट गंवा दिए. जीत के बाद कराची के कप्तान वॉर्नर ने बताया कि उनकी टीम कैसे वापसी की.
मुश्किल समय में अनुभवी मोईन अली ने मोर्चा संभाला. मोईन ने महज 29 गेंदों पर 48 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. उनकी इस पारी की बदौलत कराची किंग्स 20 ओवर में 181/7 के मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रही. क्वेटा की ओर से अहमद दानियाल ने 36 रन देकर 3 विकेट झटके. 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्वेटा ग्लैडिएटर्स को शमिल हुसैन (52 रन, 24 गेंद) और कप्तान सऊद शकील (33) ने तूफानी शुरुआत दिलाई. शमिल ने अपनी पारी में 5 चौके और 4 छक्के जड़े, जिससे एक समय ऐसा लगा कि क्वेटा आसानी से मैच जीत लेगी. लेकिन असली कहानी अभी बाकी थी.
डेविड वॉर्नर की कप्तानी में कराची किंग्स ने पहला मैच अपने नाम किया.
कराची के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की
हसन अली ने अपनी घातक गेंदबाजी से क्वेटा के मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया. उन्होंने 4 ओवर में केवल 27 रन देकर 4 अहम विकेट चटकाए. एडम ज़म्पा और मोईन अली ने 4-4 ओवर के अपने स्पेल में केवल 26-26 रन दिए और 1-1 विकेट लेकर क्वेटा की रन गति पर ब्रेक लगा दिया. क्वेटा की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 167 रन ही बना सकी और लक्ष्य से 14 रन दूर रह गई.
जीत के बाद क्या बोले डेविड वॉर्नर
मैच जीतने के बाद कराची किंग्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने कहा, ‘शुरुआत में मुझे लगा था कि 170 का स्कोर चुनौतीपूर्ण होगा. बीच के ओवरों में मेरे सहित कुछ खिलाड़ियों के खराब शॉट सिलेक्शन की वजह से हमने विकेट गंवाए, लेकिन हमारे स्पिनरों ने शानदार गेंदबाजी कर हमें मैच में वापस ला दिया.क्वेटा की अच्छी शुरुआत के बावजूद मैं चिंतित नहीं था. मेरा ध्यान इस बात पर था कि हम अपनी योजना को कैसे लागू करते हैं. डॉट बॉल फेंकना और उन्हें सिंगल्स तक सीमित रखना हमारी रणनीति थी.हमारे पास सलमान और आगा जैसे ऑफ-स्पिन विकल्प भी थे जिन्होंने काम आसान कर दिया.