खंडवा में शराब दुकान के सेल्समैन पर गबन का केस: ऑनलाइन पेमेंट में हेराफेरी कर ठेकेदार को लगाई 3.29 लाख रुपए की चपत – Khandwa News

खंडवा में शराब दुकान के सेल्समैन पर गबन का केस:  ऑनलाइन पेमेंट में हेराफेरी कर ठेकेदार को लगाई 3.29 लाख रुपए की चपत – Khandwa News




खंडवा के पुनासा क्षेत्र स्थित शराब दुकान में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। शराब दुकान के सेल्समैन ने ग्राहकों से प्राप्त ऑनलाइन भुगतान में हेराफेरी कर लाखों रुपए का गबन कर लिया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरियादी दुकान के मैनेजर चिन्टू वर्मा की शिकायत पर पुनासा चौकी पुलिस ने आरोपी सेल्समैन दीपक पिता शिवजी प्रसाद जायसवाल (33), निवासी जिला बक्सर (बिहार) के खिलाफ कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी दीपक जायसवाल शासकीय मदिरा दुकान पुनासा, खुटला कला और मोहना में सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। उसने 1 अप्रैल 2025 से 30 जून 2025 के बीच शराब बिक्री के दौरान ग्राहकों से प्राप्त ऑनलाइन पेमेंट में सुनियोजित तरीके से हेराफेरी की। जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की पूरी राशि को रिकॉर्ड में दर्ज नहीं करता था। उदाहरण के तौर पर, यदि एक दिन में 10 हजार रुपए ऑनलाइन प्राप्त हुए, तो वह रजिस्टर में केवल 9 हजार रुपए ही दर्शाता था और बाकी राशि अपने पास रख लेता था। इस तरह आरोपी ने करीब दो महीने के भीतर कुल 3 लाख 29 हजार 976 रुपए का गबन कर लिया। गबन का खुलासा तब हुआ जब शराब दुकान के ठेकेदार इंदौर निवासी लोकेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा कैश रजिस्टर और बैंक अकाउंट का मिलान कराया गया। रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की गई, जिसमें हेराफेरी की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।



Source link