Last Updated:
Betul News: बैतूल जिले में भीषण आग लगने की वजह से खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई. इससे किसान परेशान हैं, क्योंकि उन्हें भारी नुकसान हुआ है. प्रशासन अभी नुकसान का आकलन कर रहा है और किसानों को मुआवजे की आस है. अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
बैतूल में लगी आग
Fire In Betul: बैतूल जिले के अलग-अलग स्थानों पर आग का तांडव देखने को मिला है. जिले में कई स्थानों पर खेतों में आग ने तबाही मचा दी.शाहपुर के संगवानी गांव में सबसे बड़ा नुकसान देखा गया जहां 20 एकड़ में लगी गेहूं की फसल पलक झपकते स्वाहा हो गई. आग ने ऐसा तांडव मचाया कि किसानों की सालभर की मेहनत जाया हो गई.
विकराल रूप धारण कर चुकी आग से फसल को बचाने खेतों में गए किसानों को भी अपने आप को भागकर जान बचानी पड़ी और चंद मिनटों में फसल राख हो गई. जिले भर में आज 6 अलग-अलग गांवों में भीषण आग लग गई. विकराल ने गेहूं और तुअर की खड़ी फसल को निगल लिया और अब किसान बेहाल हैं.
सांगवानी गांव में 20 एकड़ में खड़ी फसल खाक
शाहपुर ब्लॉक के सांगवानी गांव में आग ने सबसे बड़ा कहर बरपाया. यहां 13 किसानों की करीब 20 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई.बताया जा रहा है कि यहां लगभग 300 क्विंटल गेहूं आग की भेंट चढ़ गया. किसानों ने आग बुझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उन्हें अपनी जान बचाकर मौके से भागना पड़ा.
मुआवजे के लिए प्रशासन की तरफ देख रहे किसान
सिलपटी गांव में भी आग ने तबाही मचाई है. यहां 3 किसानों की 5 एकड़ में लगी गेहूं और तुअर की फसल जलकर राख हो गई. इस हादसे में किसानों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है, जिससे गांव में मायूसी का माहौल है. फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. किसान गेहूं की फसल से होने वाली आदमनी से अगली फसल की तैयारी करते हैं, लेकिन अब गेहूं की फसल ही बर्बाद हो गई है. ऐसे में अगली फसल की बुआई पर भी संकट आ गया है.
राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन कर रही है. किसान अब प्रशासन से मुआवजे की आस लगाए बैठे हैं.