सलकनपुर देवी धाम परिसर में कार घुमाने का वीडियो वायरल: सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, एसडीओपी ने बताया पुराना – Sehore News

सलकनपुर देवी धाम परिसर में कार घुमाने का वीडियो वायरल:  सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, एसडीओपी ने बताया पुराना – Sehore News




सीहोर। प्रसिद्ध देवी धाम सलकनपुर के मंदिर परिसर में एक कार को परिक्रमा मार्ग पर घुमाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक कार मंदिर के सामने के क्षेत्र में घूम रही है, जहां आमतौर पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना और परिक्रमा करते हैं। कड़ी सुरक्षा और पहरेदारी के बावजूद किसी वाहन का इस तरह मंदिर परिसर तक पहुंचना चिंता का विषय है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह वीडियो हालिया नवरात्रि का है या किसी अन्य समय का। यह भी सामने आया है कि वीडियो चालक द्वारा स्वयं नहीं बनाया गया, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड कर वायरल किया गया है। इस मामले में बुधनी के एसडीओपी रवि शर्मा ने स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित यह वीडियो नवरात्रि का नहीं है, बल्कि लगभग 2 से 3 माह पुराना है। एसडीओपी शर्मा के अनुसार, वीडियो में नवरात्रि के समय की श्रद्धालुओं की भीड़ और मुख्य द्वार पर लगे बैनर इत्यादि नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो को भ्रामक रूप से प्रसारित किया जा रहा है और पूरी नवरात्रि के दौरान पुलिस प्रशासन ने सक्रियता से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। मंदिर समिति और प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले में अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।



Source link