सिवनी जिले के धूमा वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध सागौन की लकड़ियों से भरी स्विफ्ट डिजायर जब्त की है। कार में 10 नग सागौन सिल्लियां भरी थीं। वन विभाग के रेंजर आकाश परोहा ने शनिवार सुबह बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक कार के माध्यम से इमारती लकड़ियों की तस्करी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने तत्काल बिछुआ बीट के आसपास घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान, संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार कार क्रमांक MP 04 CB7291 को रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि, वन अमले को देखते ही कार में सवार तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। वन कर्मचारियों ने वाहन की तलाशी ली, तो उसमें 10 नग सागौन सिल्लियां भरी हुई मिलीं। वन विभाग ने लकड़ियों और वाहन दोनों को जब्त कर लिया है। जब्त सिल्लियों की अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है। प्राथमिक जांच से यह मामला संगठित तस्करी से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि, इसकी पूरी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि ये लकड़ियां कहां से काटी गई थीं और इन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लकड़ी तस्करों में भय का माहौल है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link