भिंड5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
जिलाबदर की पत्नी की मौत के बाद विलाप करतीं महिलाएं।
- भारौली के भागीरथ का पुरा की घटना, पार्टी में दोस्तों में झगड़े के दौरान गोली चलने की चर्चा
- मृतका के बेटे ने पहले कहा- गोली किसने चलाई देख नहीं पाया, बाद में गिना दिए दुश्मनों के नाम
भारौली के भागीरथ सिंह का पुरा में जिलाबदर बदमाश की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 12.30 बजे की है। घटना के वक्त बदमाश घर में दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया। साथ ही मृतका के बेटे की फरियाद पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि भागीरथ सिंह का पुरा भारौली निवासी विनोद सिंह राजावत पुत्र शिव अवतार सिंह शुक्रवार-शनिवार की रात अपने घर पर छुन्नू उर्फ भूपेंद्र सिंह पुत्र नरेश सिंह राजावत निवासी बुढर्रा, गोलू उर्फ गुलाब सिंह पुत्र अभिलाख सिंह निवासी बुढर्रा, पुष्पेंद्र उर्फ छोटू पुत्र इंद्रवीर सिंह और परमाल सिंह पुत्र हरिज्ञान सिंह राजावत निवासी भारौली के साथ शराब की पार्टी कर रहा था। रात करीब 12.30 बजे अचानक विनोद की पत्नी भूरी (35) की गोली लगने से मौत हो गई। गोली भूरी के पेट में लगी है। सूचना मिलने पर भारौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
मायके पक्ष के लोगों को विनोद और उसके दोस्तों पर शक
भूरी की हत्या के मामले में उसके मायके पक्ष के लोगों को उसके पति विनोद सिंह और उसके दोस्तों पर ही शक है। भूरी के भाई लखपति ने बताया कि भले ही विनोद कह रहा है कि रंजिशन उसके दुश्मनों ने उसकी पत्नी की गोली मारकर हत्या की है लेकिन उन्हें लग रहा है कि विनोद ने रात में घर पर मीट और शराब की पार्टी की है, तभी किसी की बंदूक से भूरी के गोली लगने से हत्या हुई है। उन्होंने इस संबंध में भारौली थाना प्रभारी को एक आवेदन भी दिया है, जिसमें उन्होंने कहा कि बहन के अंतिम संस्कार के दौरान वे लोग चर्चा कर रहे थे कि उन्होंने कुछ लोगों के रंजिशन नाम पुलिस को लिखवाए हैं। वहीं विनोद ने अपने किसी रिश्तेदार से फोन पर यह बात भी कही है।
जिलाबदर बदमाश पर दर्ज हैं 20 से ज्यादा आपराधिक मामले
भारौली थाना प्रभारी बाल्मीक चौबे के अनुसार मृतिका के पति विनोद सिंह राजावत पर भारौली सहित अन्य थानों में 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं उपचुनाव के चलते उसके विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई की गई थी। हालांकि कलेक्टर से आदेश होने के बाद नोटिस तामिली की कार्रवाई रह गई थी, इस बीच यह घटना घटित हो गई।
चर्चा: शराब पार्टी में हुआ था झगड़ा फिर गोली चली
सूत्रों की मानें तो विनोद सिंह शुक्रवार की रात जब दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे, तभी उनका एक दोस्त से झगड़ा हो गया। इस झगड़े में बंदूक से फायर हुए। इसी दौरान भूरी की गोली लगने से मौत हो गई। इधर मृतका के परिवार वालों ने जिन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। भारौली थाना प्रभारी बाल्मीक चौबे उनकी मोबाइल लोकेशन निकलवा रहे हैं।
मृतका के बेटे ने 8 दुश्मनों के नाम बताए, कहा-इन्हीं ने मारी गोली
घटना के बाद मृतका के बेटे शिवम सिंह (15) ने अपनी ताई संतोषी के साथ भारौली थाना पहुंचकर पुलिस को बताया कि हमारे घर के पास चबूतरे पर पिता विनोद सिंह अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे थे। वह घर के अंदर रसोई में खाना खा रहा था, तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। वह जब दौड़कर बाहर पहुंचे तो उनकी मां भूरी मृत अवस्था में पड़ी थीं। गोली मारने वाले व्यक्ति को वह ध्यान से नहीं देख पाया। पिता के मोबाइल से उसने डायल-100 को फोन लगाया। वहीं सुबह होने पर शिवम ने मां की हत्या का आरोप गांव के अपने पुराने दुश्मनों पर लगाया। उसने 8 लोगों के नाम लेते हुए बताया कि इन लोगों ने उसकी मां को गोली मारी है, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शिवम के बताए हुए सभी नामों को दर्ज करते हुए उनकी मोबाइल लोकेशन निकालने की कवायद शुरू की है ताकि यह पता चल सके घटना वाले दिन आरोपी कहां थे।