कटनी के बरही नगर में विजयराघवगढ़ रोड स्थित एक शराब दुकान पर रविवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक पर हमला हुआ। शराब ठेकेदार के कर्मचारियों ने मामूली विवाद के बाद युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बरही निवासी 30 वर्षीय रामकृष्ण गुप्ता (पिता सुशील गुप्ता) रविवार सुबह शराब दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने 20 रुपए का फटा नोट दिया, जिसे दुकानदार ने लेने से इनकार कर दिया। इसी बात पर रामकृष्ण का दुकान के कर्मचारियों से विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर कर्मचारियों ने रामकृष्ण के सिर पर बीयर की कांच की बोतल फोड़ दी। आरोप है कि इसके बाद उन पर डंडों से भी हमला किया गया, जिससे रामकृष्ण का सिर फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल रामकृष्ण और मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल आपातकालीन पुलिस सेवा डायल 112 पर घटना की सूचना दी। हालांकि, पुलिस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष देखा गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय नागरिक सड़क पर उतर आए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस शराब दुकान पर अक्सर मारपीट और अवैध वसूली होती है। उनका यह भी आरोप है कि ठेकेदार के कर्मचारी शराब के हर ब्रांड पर निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूलते हैं।
Source link