प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें संस्करण को रविवार को धार जिले में व्यापक स्तर पर सामूहिक रूप से सुना गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिले के सभी 18 मंडलों और अनेक बूथों पर इस कार्यक्रम को सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने देशवासियों को वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बीच सजग, एकजुट और जिम्मेदार बने रहने का संदेश दिया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनौतियों के इस दौर में देश की 140 करोड़ जनता की एकजुटता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है। इसके साथ ही, उन्होंने जनभागीदारी, नवाचार, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रयास जारी रखने का आह्वान किया। केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने भी सुनी मन की बात
नगर के विक्रम ज्ञान मंदिर सभाकक्ष, लाल बाग में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद सावित्री ठाकुर और विधायक नीना वर्मा ने आजीविका मिशन की महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के साथ कार्यक्रम सुना। इस अवसर पर सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वैश्विक संकट, ऊर्जा चुनौतियों और राष्ट्रीय एकता पर विशेष जोर देते हुए नागरिकों से संयम और सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया है। वहीं, पीथमपुर के बूथ क्रमांक 322 पर भाजपा जिलाध्यक्ष निलेश भारती, नारायण पटेल एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का श्रवण किया। बदनावर विधानसभा के बखतगढ़ मंडल के भैंसोला गांव में पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव की उपस्थिति में भी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम सुना। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा के अनुसार, जिले के अधिकांश बूथों पर कार्यकर्ताओं ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को रुचि और उत्साह के साथ सुना, जिससे समाज में जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
Source link