Last Updated:
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने विराट कोहली की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की है. अश्विन ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद विराट कोहली के अपने खेल को लेकर कमिटमेंट बरकरार है. इस उम्र में भी विराट कोहली जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं.
रविचंद्रन अश्विन ने की विराट कोहली के बल्लेबाजी की तारीफ
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले ही मैच में दिग्गज विराट कोहली ने तहलका मचा दिया. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में विराट ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 38 गेंद में नाबाद 69 रनों की पारी खेली. विराट कोहली की इस पारी को देखकर पूर्व दिग्गज आर अश्विन ने उनकी जमकर तारीफ की है. विराट को लेकर अश्विन ने कहा कि टेस्ट और वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद वह अपनी बेजोड़ ऊर्जा और जोश के दम पर जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं.
पिछले साल तीन जून को आईपीएल फाइनल जीतने के बाद पहली बार टी20 प्रारूप खेलते हुए कोहली ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 38 गेंद में नाबाद 69 रन बनाये जिसकी मदद से गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने आईपीएल 2026 के पहले मैच में छह विकेट से जीत दर्ज की. अश्विन ने ‘जियोस्टार’ के शो पर कहा, ‘‘वह जो कहते हैं, करके दिखाते हैं.’’
विराट कोहली की फिटनेस के कायल हुए अश्विन
उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है कि वह लोगों को दिखा रहे हैं कि कैसे खेला जाता है. इसे जोरदार ढंग से खेलो और वैसे ही खेलो , जैसे खेला जाना चाहिये . विराट ने जो कुछ भी किया , उस लिहाज से यह बात मेरे लिये सबसे खास रही.’’ कोहली ने आईपीएल से पहले जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 93, 23 और 124 रन बनाये थे . इससे पहले दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला में उन्होंने दो शतक समेत 302 रन बनाये थे.
अश्विन ने विकेटों के बीच दौड़ का हवाला देते हुए कहा कि इस उम्र और इतने अनुभव के बावजूद उनकी ऊर्जा बेजोड़ है . उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे यह काफी अजीब लगता है . मैं बातचीत के दौरान उनसे कह भी देता हूं . वह 40 रन के करीब खेल रहे थे और एक साझेदारी चल रही थी . उन्होंने पहला रन भागा और वहां रूक गए जब तक दूसरा बल्लेबाज आधी क्रीज तक भी नहीं पहुंचा था लेकिन वह दूसरे रन की तलाश में थे . लेग साइड में 57 मीटर की बाउंड्री थी जिससे साबित होता है कि अभी भी वह खेल में कितना जोश लेकर आते हैं .’’
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें