सागर के पंप पर ऑटो की 2KM लंबी लाइन, घंटों इंतजार के बाद मिल रही CNG

सागर के पंप पर ऑटो की 2KM लंबी लाइन, घंटों इंतजार के बाद मिल रही CNG


Last Updated:

Sagar News: एक सीएनजी पंप पर तय कीमत से ज्यादा पैसों पर गैस बेची जा रही थी. शिकायत सही पाए जाने के बाद उसे सील कर दिया गया. वहीं दूसरे पंप पर गैस आने की सूचना मिलते ही ऑटो वालों की करीब दो किमी लंबी लाइन लग गई.

सागर. मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच पिछले 29 दिनों से युद्ध जारी है, जिसका असर भारत में साफ दिखाई दे रहा है. यहां के लोग तेल और गैस संकट से जूझ रहे हैं. मध्य प्रदेश के सागर की बात करें, तो यहां ग्रामीण क्षेत्रों में कई पेट्रोल पंप पिछले 4-5 दिनों से सूखे पड़े हैं. वहीं अब सीएनजी को लेकर भी समस्या सामने आ गई है. सागर शहर में दो सीएनजी पंप हैं, जिसमें से एक पंप पर तय कीमत से लगभग 15 रुपये प्रति लीटर अधिक पर गैस बेची जा रही थी, इसलिए प्रशासन ने उसे सील कर दिया. दूसरे पंप पर एक हफ्ते से स्टॉक नहीं था लेकिन जब ऑटो चालकों को पता चला कि गैस का टैंकर सागर पहुंच गया है, तो तिली तिराहे पर स्थित पंप पर चालक सुबह 11 बजे से ही अपना ऑटो लेकर पहुंच गए. दोपहर होते-होते यहां पर 400 ऑटो लाइन में लग गए. एक-एक ऑटो चालक को यहां तीन से चार घंटे तक का इंतजार करना पड़ा. मौके पर ऑटो की दो किलोमीटर से लंबी कतार देखी गई.

ऑटो चालकों ने कहा कि उनके पास गैस नहीं होने की वजह से वह वाहन को धक्का देते हुए सीएनजी पंप तक पहुंचे हैं क्योंकि इसी से वह रोजी-रोटी कमाते हैं. दिनभर में जो पैसा आता है, उससे परिवार का घर खर्च चलता है लेकिन अभी गैस नहीं मिलने से घर की स्थिति पर इसका असर पड़ रहा है क्योंकि हम लोग रोज कमाने रोज खाने वाले लोग हैं.

गैस की कोई कमी नहीं: पंप संचालक
वहीं पंप संचालक का कहना है कि उनके पास पर्याप्त गैस का स्टॉक है और किसी तरह की कोई कमी नहीं है लेकिन सभी ऑटो चालकों के लिए गैस उपलब्ध हो, इसलिए मात्रा तय कर दी है कि एक ऑटो में केवल 700 रुपये की ही गैस भरी जा रही है, जिसमें उन्हें 10.58 लीटर गैस मिल रही है.

एक-दो दिन में खत्म हो जाएगी गैस
पिछले 15 साल से ऑटो चला रहे अनीश ने बताया कि युद्ध की वजह से अभी जो परेशानी आई है, उसमें सागर में कई ऑटो तो एक हफ्ते से बंद पड़ गए थे. अभी जो टैंकर आया है, तो हम लोगों को खबर मिली, तो हम गैस भरवाने आ गए लेकिन पंप वाले केवल 10 लीटर गैस दे रहे हैं. यह एक या दो दिन में ही खत्म हो जाएगी. इसके बाद फिर घर बैठने की नौबत आ जाएगी.

नहीं देखी ईंधन की समस्या
सागर शहर में अपने 10 ऑटो चलवाने वाले हनीफ ने बताया कि 10-12 साल से वह यह काम कर रहे हैं. अभी तक कभी ईंधन को लेकर परेशानी नहीं आई लेकिन इस बार पिछले कुछ दिन से दिक्कत देखी जा रही है. सागर में पिछले चार-पांच दिन से पूरी तरह से ऑटो के लिए गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही थी. जिनके पास थी, उनका काम चलता रहा लेकिन जिनके पास नहीं थी, उन्हें घर बैठना पड़ा.

कलेक्टर को दिया धन्यवाद
ऑटो चालक मोहम्मद रईस ने बताया कि सागर में दो जगह गैस वाले पंप हैं लेकिन एक जगह वह मनमाने पैसों में गैस दे रहा था, जिससे वह पंप सील कर दिया गया. कुछ दिन से शहर में गैस नहीं मिल रही थी. आज जैसे ही हम लोगों को पता चला, तो हम गैस डलवाने के लिए आ गए. बताया जा रहा है कि कलेक्टर साहब ने जबलपुर से गैस का टैंकर मंगवाया है. कलेक्टर ने हम लोगों के बारे में सोचा, हम लोग धन्यवाद देते हैं लेकिन प्रशासन आगे भी इसी तरह की आपूर्ति बनाए रखे ताकि हम लोगों की रोजी-रोटी चलती रहे.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link