खरगोन के खामखेड़ा में रामलीला महोत्सव जारी है। रविवार रात को शिव धनुष तोड़ने, लक्ष्मण-परशुराम संवाद और सीताराम जयमाला का मंचन किया गया। इस आयोजन को देखने के लिए क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों से सैकड़ों दर्शक पहुंचे। मंचन के दौरान राहुल लेवा ने भगवान राम की भूमिका में शिव धनुष तोड़ा। इसके बाद नरेंद्र भटानिया ने परशुराम और सीताराम रांडवा ने लक्ष्मण के रूप में संवाद प्रस्तुत किया। मंडल के सदस्यों मुकेश राडवा, बलिराम मुकाती, नत्थू मोरानीया और दीपक राडवा ने बताया कि रामलीला परिसर हर प्रसंग पर ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा। मंच पर पर्दे उठने-गिरने, पात्रों के संवाद और संगीत मंडली द्वारा श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों का वाचन दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। खामखेड़ा में नवयुवक मंडल पिछले 57 वर्षों से इस रामलीला का नाट्यमंचन कर रहा है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराना है।
Source link