गांजा बेचने से मना करने पर युवक की हत्या: अनूपपुर पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को किया गिरफ्तार, जेल भेजा – Anuppur News

गांजा बेचने से मना करने पर युवक की हत्या:  अनूपपुर पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को किया गिरफ्तार, जेल भेजा – Anuppur News




अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में 28 मार्च को 34 वर्षीय मनोज साहू की हत्या के मामले में पुलिस ने मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि 28 मार्च को डायल 112 पर रमेश साहू ने सूचना दी थी कि उनके भाई मनोज साहू की मारपीट कर हत्या कर दी गई है। पुलिस बल तत्काल बदरा श्रमिक नगर पहुंचा और घटना की जानकारी ली। सूचनाकर्ता रमेश साहू ने पुलिस को बताया कि शिवराम चौधरी उनके भाई मनोज साहू उर्फ छोटे को यूकेलिप्टस के डंडे से मार रहा था। शिवराम की मां रैमुन बाई भी मनोज को हाथ-मुक्कों और डंडे से पीट रही थी। मारपीट के कारण मनोज साहू बेहोश होकर गिर गए और बाद में उनकी मौत हो गई। विवेचना के दौरान, कोतमा पुलिस ने रैमुन बाई पति रमई चौधरी को ग्राम पकरिहा से गिरफ्तार किया। कुछ ही घंटों के भीतर उसके बेटे शिवराम चौधरी को भी पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या का कारण बताया। जांच के बाद सामने आई कहानी जांच में सामने आया कि मनोज साहू का पड़ोसी रैमुन बाई के घर आना-जाना था और उसकी दोस्ती बेटे शिवराम चौधरी से थी। वे दोनों साथ में गांजा और शराब का सेवन करते थे। रैमुन बाई और शिवराम चौधरी गांजे की पुड़िया बेचने का धंधा करते थे। उन्होंने मनोज साहू पर भी गांजे की पुड़िया बेचने का दबाव बनाया, लेकिन मनोज ने इससे इनकार कर दिया। गांजा बेचने से मना करने पर नाराज होकर मां और बेटे ने मिलकर मनोज साहू की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी शिवराम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त यूकेलिप्टस का डंडा भी जब्त कर लिया है।



Source link