ग्वालियर में मार्च के अंतिम दिनों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को शहर में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जब अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सोमवार सुबह से ही बादलों की आवाजाही देखी जा रही है और दिन में आंधी तथा बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को बढ़कर 38.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। न्यूनतम तापमान भी 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार सुबह का तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ मौसम में तेजी से बदलाव ला रहे मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान से आ रही गर्म हवाएं और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मौसम में तेजी से बदलाव ला रहे हैं। जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में विकसित हो रहे इस सिस्टम के कारण समुद्र से आ रही नमी ग्वालियर तक पहुंच रही है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। बूंदाबांदी के आसार मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 48 घंटों के दौरान शहर में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस अवधि में हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद है। हालांकि, वर्तमान में गर्मी से खास राहत नहीं मिली है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Source link