Last Updated:
Cameron Green Ajinkya Rahane Controversy IPL 2026: कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले ही मैच में मिली हार के बाद ऐसा बयान दे डाला, जिससे पूरा वर्ल्ड क्रिकेट सन्न है. रहाणे ने एक सवाल के जवाब में कहा कि 25.20 करोड़ में खरीदे गए कैमरन ग्रीन ने बॉलिंग क्यों नहीं कि इसका उत्तर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के पास है.
ग्रीन के बॉलिंग न करने वाले बयान पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने रहाणे को लताड़ा
नई दिल्ली: लगता है शुरू होते ही आईपीएल 2026 विवादों में फंस चुका है. कैमरन ग्रीन पर दिए बयान के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे को बुरी तरह लताड़ लगाई है. ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड ने इशारों ही इशारों में रहाणे पर झूठ बोलने का आरोप लगा रहा है. दरअसल, वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस को 221 रन बनाने से रोकने के लिए केकेआर की गेंदबाजी आक्रमण पर भारी दबाव था, इसके बावजूद कैमरन ग्रीन ने एक भी ओवर नहीं फेंका. कोलकाता नाइटराइडर्स ने 25 करोड़ 20 लाख रुपये की बोली लगाकर ग्रीन को आईपीएल के इतिहास का सबसे महंगा प्लेयर बनाया था. ऐसे में ग्रीन को बॉलिंग न देना सवाल खड़े करता है. मैच के बाद जब कप्तान अजिंक्य रहाणे से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने अपना पल्ला झाड़ते हुए साफ कह दिया कि ग्रीन ने बॉलिंग क्यों नहीं कि ये जाकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछो. अब पूरे विवाद पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तल्ख टिप्पणी आई है.
KKR को बता दिया कि ग्रीन बॉलिंग नहीं करेंगे- CA
दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अपने बिजी कैलेंडर के मद्देनजर टेस्ट सीजन से पहले अपने केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट पर नजर बनाए हुए है. यही कारण है कि ग्रीन को फिलहाल आईपीएल में गेंदबाजी की अनुमति नहीं दी गई है. रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को रहाणे के बयान पर सफाई देते हुए कह दिया कि केकेआर को पहले ही बताया जा चुका है कि ग्रीन पीठ की चोट के कारण आईपीएल के पहले 10-12 दिनों में गेंदबाजी नहीं करेंगे. सीए के प्रवक्ता ने कहा:
कैमरन को कमर के निचले हिस्से में चोट लगी है, जिसका इलाज चल रहा है, लेकिन इसके चलते उन्हें कुछ समय के लिए गेंदबाजी से दूर रहना होगा. कैमरन फिलहाल भारत में अपनी गेंदबाजी की तैयारी कर रहे हैं ताकि लगभग 10-12 दिनों में वापसी कर सकें. केकेआर को इस बारे में सूचित कर दिया गया है और वे इस जानकारी से पूरी तरह अवगत हैं.
10 गेंद में 18 रन बनाकर आउट ग्रीन
दरअसल, आईपीएल 2026 के लिए पिछले साल के अंत में हुए मिनी ऑक्शन में केकेआर को आंद्रे रसेल का रिप्लेसमेंट चाहिए था. कैरेबियन ऑलराउंडर रसेल लंबे समय से टीम के लिए विस्फोटक बैटिंग और विकेटटेकिंग मीडियम पेस करते रहे हैं. अब उनके संन्यास लेने के बाद तीन बार की चैंपियन केकेआर फ्रेंचाइजी ने ग्रीन पर दाव लगाया, लेकिन इतनी मोटी सैलरी पाने के बावजूद ग्रीन ने सिर्फ बैटिंग की और बॉलिंग नहीं. पहले तो वह 10 गेंद में 18 रन बनाकर चलते बने और जब मुंबई इंडियंस 221 रन के लक्ष्य के जवाब में धमाकेदार बल्लेबाजी कर रही थी और विकेट की दरकार थी तब उन्होंने गेंदबाजी से साफ इनकार कर दिया.
कैमरन ग्रीन अपने पहले मैच में सस्ते में हुए आउट.
रहाणे बोले थे- क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछो
मैच के बाद रहाणे ने उम्मीद जताई कि ग्रीन जल्द ही गेंदबाजी शुरू करेंगे और संयोजन थोड़ा अलग होगा. इसके बाद तो ब्रॉडकास्टर्स को पूछना ही था कि ग्रीन गेंदबाजी क्यों नहीं कर सकते? जवाब में रहाणे तपाक से बोल पड़े, ‘यह सवाल आपको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए. रहाणे के इस कमेंट ने 26 वर्षीय कंगारू खिलाड़ी के भविष्य को लेकर अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है, जिन्हें केकेआर की प्री-सीजन तैयारियों के दौरान छोटे रन-अप के साथ गेंदबाजी करते देखा गया था. हालांकि बल्लेबाजी और फील्डिंग करते हुए उन्हें कोई दिक्कत नहीं हो रही थी.
रोहित शर्मा ने आईपीएल में ठोकी अपनी सबसे तेज फिफ्टी.
मुंबई की ऐतिहासिक जीत, सबसे बड़ा रन चेज
मुंबई इंडियंस 13 सीजन के बाद टूर्नामेंट में अपना पहला जीत पाई है. जीत भी कोई छोटी नहीं बल्कि अपने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज. पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस हमेशा आईपीएल में धीमी शुरुआत करने वाली टीम रही है. टीम ने आईपीएल में आखिरी बार अपना पहला मैच अप्रैल 2012 में जीता था जिसमें उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हराया था. टीम ने 2013 से लेकर 2020 के बीच पांच बार खिताब जीता लेकिन पहले मैच में हार का सिलसिला जारी रहा.
पहले ही मैच में रोहित शर्मा का तूफान
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मुंबई इंडियंस को पांच बार ट्रॉफी जिता चुके रोहित शर्मा ने एकबार फिर साबित किया कि उनके अंदर अब भी कितना क्रिकेट बचा है. ‘मुंबई च्या राजा’ ने मात्र 38 गेंद में 78 रन की विस्फोटक पारी खेली. उन्हें ओपनिंग जोड़ीदार रेयान रिकलटन (81 रन) का बखूबी साथ मिला. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 148 रन की रिकॉर्ड पार्टनरशिप हुई. मगर प्लेयर ऑफ द मैच मुंबई के ही शार्दुल ठाकुर चुने गए. मुंबई इंडियंस के लिए अपना पहला सीजन खेल रहे ठाकुर ने महज 39 रन देते हुए अजिंक्य रहाणे (67), फिन एलन (37) और कैमरन ग्रीन (18) जैसे बड़े शिकार करते हुए कोलकाता की धमाकेदार शुरुआत को फुस्स कर दिया.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें