Last Updated:
5 batsman Most runs off one over in Test: टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में जब बल्लेबाजों ने टी20 का अवतार धारण किया, तो गेंदबाजी के बड़े-बड़े कीर्तिमान ध्वस्त हो गए. जसप्रीत बुमराह द्वारा स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में कूटे गए 35 रनों से लेकर ब्रायन लारा और शाहिद अफरीदी के ‘बूम-बूम’ प्रहारों तक, टेस्ट की सफेद जर्सी में रनों का ऐसा सैलाब शायद ही किसी ने सोचा हो. दुनिया के उन 5 सबसे महंगे और ‘खौफनाक’ ओवर्स की कहानी, जिन्होंने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया.
टेस्ट मैच के एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के 5 बल्लेबाज.
नई दिल्ली. टेस्ट क्रिकेट को अक्सर धैर्य और तकनीक का खेल माना जाता है. लेकिन इतिहास में कुछ ऐसे लम्हे भी आए हैं जब बल्लेबाजों ने ‘टी20’ का अवतार धारण कर लिया. टेस्ट की सफेद जर्सी में जब कोई गेंदबाज एक ही ओवर में 28 या 35 रन लुटा दे, तो वह रिकॉर्ड बुक का सबसे काला और बल्लेबाज के लिए सबसे सुनहरा पन्ना बन जाता है. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के उन 5 सबसे ‘खतरनाक’ ओवर्स की कहानी के बारे में जानते हैं, जिन्होंने दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ कर रख दी.
क्रिकेट जगत उस वक्त हैरान रह गया जब एक विशुद्ध गेंदबाज ने दुनिया के सबसे सफल टेस्ट गेंदबाजों में से एक स्टुअर्ट ब्रॉड के ओवर में 35 रन कूट दिए. 2022 में एजबेस्टन के मैदान पर जसप्रीत बुमराह ने बल्ले से वो कर दिखाया जो सचिन या सहवाग भी नहीं कर पाए थे.
स्टुअर्ट ब्रॉड (Stuart Broad) के उस ओवर की हर गेंद बाउंड्री के बाहर जा रही थी. जसप्रीत बुमराह ने 4 चौके और 2 छक्के जड़े, जबकि वाइड और नो-बॉल ने इस ओवर को टेस्ट इतिहास का सबसे महंगा ओवर बना दिया. स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम अब टी20 (युवराज सिंह के 6 छक्के) और टेस्ट, दोनों में सबसे महंगे ओवर का शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज है.
टेस्ट मैच के एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के 5 बल्लेबाज.
ब्रायन लारा ने पीटरसन के ओवर में बनाए 28 रन
साल 2003-04 में जोहान्सबर्ग के मैदान पर वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा ने दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर रॉबिन पीटरसन की धज्जियां उड़ा दी थीं. लारा ने एक ही ओवर में 28 रन बटोरे, जिसमें 4 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. सालों तक यह टेस्ट इतिहास का सबसे महंगा ओवर रहा. लारा ने दिखा दिया था कि स्पिनर्स के खिलाफ कदम निकालना और कलाइयों का इस्तेमाल करना किसे कहते हैं.
जॉर्ज बेली बनाम जेम्स एंडरसन
पर्थ की तेज पिच पर ऑस्ट्रेलिया के जॉर्ज बेली ने इंग्लैंड के सबसे महान गेंदबाज जेम्स एंडरसन को अपना निशाना बनाया. बेली के 2013-14 में एशेज जैसी हाई-वोल्टेज सीरीज में एंडरसन के ओवर में 28 रन (4, 6, 2, 4, 6, 6) बनाना किसी चमत्कार से कम नहीं था. बेली के उस आक्रामक अंदाज ने एंडरसन के आत्मविश्वास को हिला कर रख दिया था.
जब अफरीदी ने हरभजन सिंह के एक ओवर में बटोरे 27 रन
पोर्ट एलिजाबेथ में 2019-20 में दक्षिण अफ्रीका के पुछल्ले बल्लेबाज केशव महाराज ने जो रूट के ओवर में तबाही मचा दी. महाराज ने रूट की गेंदों पर चौकों और छक्कों की बारिश करते हुए 28 रन ठोक दिए. रूट एक पार्ट-टाइम स्पिनर थे, लेकिन टेस्ट मैच में इतने रन लुटाना इंग्लैंड के लिए किसी झटके से कम नहीं था. 2005-06 में भारत और पाकिस्तान के बीच लाहौर टेस्ट में शाहिद अफरीदी अपने पुराने रंग में दिखे. उन्होंने हरभजन सिंह के एक ओवर में लगातार 4 छक्के जड़कर 27 रन बटोरे. अफरीदी की उस पारी ने साबित कर दिया था कि जब ‘बूम-बूम’ का बल्ला चलता है, तो सामने कोई भी गेंदबाज हो, बाउंड्री छोटी पड़ जाती है.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें