Last Updated:
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज नसीम शाह पर 2 करोड़ रुपए का भारी जुर्माना लगाया है. नसीम शाह ने पाकिस्तान सुपर लीग के ओपनिंग मैच में गेस्ट के तौर आईं पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियर नवाज के खिलाफ तंज कसते हुए एक्स हैंडल पर एक पोस्ट किया था. इस मामले में पीसीबी ने नसीम शाह को दोषी पाया.
नसीम शाह पर पीसीबी ने लगाया जुर्माना
नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सोमवार को तेज गेंदबाज नसीम शाह पर व्यंग्य भरे ट्वीट पोस्ट करने के लिए दो करोड़ रुपये का भारी जुर्माना लगाया है. पाकिस्तान क्रिकेट इतिहास में ये किसी भी खिलाड़ी पर लगाया गया अब तक सबसे बड़ा जुर्माना है.इसके साथ ही पीसीबी ने नसीम शाह के ट्वीट को उनके सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के अनुच्छेद का उल्लंघन माना.
पीसीबी ने घोषणा की कि बोर्ड की अनुशासन समिति ने नसीम को अपने अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्वीट पोस्ट करते समय गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने का दोषी पाया है. नसीम तब मुश्किल में पड़ गए और उन्हें 27 मार्च को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया.
नसीम शाह ने मरियम नवाज पर कसा था तंज
यह घटना पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के गद्दाफी स्टेडियम में पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन के उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि के तौर पर आने के तुरंत बाद हुई. कुछ ही मिनटों बाद नसीम ने एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने पंजाब की मुख्यमंत्री के बारे में व्यंग्य भरी टिप्पणियां कीं. बोर्ड ने कहा कि नसीम ने कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया था और अपने व्यवहार के लिए बिना शर्त माफी भी मांगी थी, लेकिन अनुशासन समिति ने उन्हें अनुशासनहीनता का दोषी पाया.
बोर्ड ने कहा, ‘‘नसीम के जवाब की समिति ने समीक्षा की और हर चीज का मूल्यांकन करने के बाद यह तय किया गया है कि नसीम ने अपने केंद्रीय अनुबंध की कई शर्तों का उल्लंघन किया है और उन पर दो करोड़ पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया है. ’’ यह भी बताया गया कि नसीम शाह ने अपने सोशल मीडिया सलाहकार को पहले ही हटा दिया है और पीसीबी उन्हें ‘ब्लैकलिस्ट’ कर देगा ताकि वे पीसीबी के अधिकार क्षेत्र में आने वाले किसी भी खिलाड़ी के साथ काम नहीं कर सकें.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें