रायसेन जिले में सोमवार शाम अचानक मौसम बदल गया। तेज गर्मी के बाद शाम करीब 5 बजे आसमान में काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ देर शाम तक हल्की बूंदाबांदी हुई। इस दौरान तेज हवाएं चलने से बिजली गुल हो गई, जिससे शहर में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई। इस मौसम बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। वर्तमान में जिले में गेहूं सहित अन्य फसलों की कटाई का काम तेजी से चल रहा है। अधिकांश फसलें पककर तैयार हैं और खेतों में कटी रखी हैं। ऐसे में बारिश और ओलावृष्टि की आशंका से किसानों को भारी नुकसान का डर सता रहा है। एक सप्ताह पहले भी जिले के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई थी, जिससे फसलों को क्षति पहुंची थी। 38 डिग्री रहा अधिकतम तापमान रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जिसके बाद सोमवार शाम को यह मौसम परिवर्तन देखा गया। मौसम विभाग ने 2 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में यह बदलाव आया है। आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।
Source link