नई दिल्ली. कोलकाता नाइटराइडर्स को आईपीएल 2026 के अपने पहले मुकाबले में मुंबई इंडियंस से हार का सामना करना पड़ा. वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता ने पहले बैटिंग करते हुए 220 रन बनाए थे, जिन्हें रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की आतिशी पारियों के आगे केकेआर के गेंदबाज डिफेंड नहीं कर सके. केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे के बल्ला बोला, लेकिन उनकी अर्धशतकीय पारी टीम की जीत के लिए काफी नहीं थी. केकेआर को दूसरी पारी में बड़ा झटका लगा, जब रहाणे को अचानक मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा, जिसके बाद उपकप्तान रिंकू सिंह ने कमान संभाली.
लंगड़ाते हुए मैदान से गए बाहर
रहाणे को मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा. दरअसल, मुंबई इंडियंस के 221 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे ओवर के खत्म होने के बाद रहाणे मैदान पर गिर पड़े थे. टीम के फिजियोथेरेपिस्ट से इलाज मिलने के बावजूद यह 37 वर्षीय खिलाड़ी खेल जारी नहीं रख सका. कुछ मिनट तक मैदान पर लेटे रहने के बाद केकेआर के कप्तान को उनके साथियों ने उठने में मदद की और कुछ देर तक तो उन्होंने मैदान से बाहर निकलने के लिए अपने दो साथियों के कंधों का सहारा भी लिया.
अजिंक्य रहाणे ने खुद दिया बड़ा अपडेट.
मैच के बाद रहाणे ने दिया अपडेट
हालांकि, बाद में रहाणे खुद ही चलकर मैदान से बाहर निकले, लेकिन वह लंगड़ा रहे थे. इसके बाद रहाणे मैदान पर नहीं लौटे, जिससे फैंस टेंशन में आ गए. यह सवाल उठने लगे कि वह किसी गंभीर चोट की चपेट में तो नहीं आ गए हैं. क्या वह अगले मुकाबलों में केकेआर के लिए खेल पाएंगे? रहाणे ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन में खुद को लेकर बड़ा अपडेट दिया और बताया कि वह अब ठीक हैं. केकेआर के कप्तान ने कहा, ‘मैं ठीक हूं, बस मेरे दोनों पैरों की पिंडलियों में काफी खिंचाव और ऐंठन महसूस हो रही है. उम्मीद है कि मैं जल्द ही ठीक हो जाऊंगा, पर अभी बहुत ज्यादा दर्द और अकड़न है.’ कोलकाता नाइटराइडर्स का अगला मुकाबला 2 अप्रैल को सनराजइर्स हैदराबाद के खिलाफ ईडन गार्डन्स में हैं. उम्मीद है रहाणे तब तक पूरी तरह फिट होकर मैदान पर नजर आएं.
तूफानी बैटिंग से दिलाई शानदार शुरुआत
रहाणे ने मैच में शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने केकेआर की पारी की शुरूआत करते हुए क्रीज पर एक घंटे से ज्यादा समय बिताया. उन्होंने 14वें ओवर में शार्दुल ठाकुर की गेंद पर आउट होने से पहले 40 गेंद में 67 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनकी पारी में तीन चौके और पांच छक्के शामिल रहे. हालांकि, रहाणे की पारी पर केकेआर के गेंदबाजों ने पानी फेर दिया.
हार पर क्या बोले रहाणे?
रहाणे ने कहा, ‘यह काफी मुश्किल था. मुझे लगा था कि 220-225 का स्कोर अच्छा था और हमने बल्लेबाजी भी बहुत अच्छी की, लेकिन हमारी गेंदबाजी थोड़ी अनुभवहीन है. ये लड़के अभी सीखेंगे. मुंबई इंडियंस जैसी मजबूत बल्लेबाजी वाली टीम के खिलाफ खेलना हमारे लिए सीखने का एक अच्छा मौका है.’ कप्तान ने आगे कहा, ‘वैभव और कार्तिक के अलावा, मुजरबानी भी आईपीएल के लिए नए हैं. हमारे पास दो अनुभवी स्पिनर हैं, लेकिन मुंबई इंडियंस ने वाकई बेहतरीन बल्लेबाजी की. हमारे गेंदबाज निश्चित रूप से इस अनुभव से सीखेंगे.’
उन्होंने कहा, ‘फिलहाल हमें गेंदबाजी में सही संतुलन ढूंढना होगा. बल्लेबाजी तो अच्छी रही है, लेकिन गेंदबाजी में सुधार जरूरी है.’ रहाणे ने कहा, ‘बल्लेबाजी में कई सकारात्मक चीजें रहीं. कार्तिक त्यागी ने भी लंबे समय बाद वापसी करते हुए अच्छी गेंदबाजी की. कुल मिलाकर, सीखने के लिए बहुत कुछ है.’