सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के गोदवाली इलाके में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार जेसीबी ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल बैढ़न के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान पुत्र सदीप वैश्य की मौत हो गई। मां की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने नेशनल हाईवे 39 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह चक्काजाम लगभग 7 घंटे तक चला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। तहसीलदार और एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है ताकि जाम को जल्द से जल्द खुलवाया जा सके। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि हादसे में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है।
Source link