Last Updated:
बीसीसीआई ने पिछले हफ्ते भारतीय क्रिकेट टीम के 2026-27 घरेलू सत्र का ऐलान करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के टेस्ट कोलकाता और मुंबई जैसे पारंपरिक मैदानों पर नहीं कराने का फैसला किया है. ये मैच 21 जनवरी से 25 फरवरी तक नागपुर, चेन्नई, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद में खेले जाएंगे.
सौरव गांगुली ने किया बोर्ड की पहल का समर्थन, नए वेन्यू पर कराए जाएंगे टेस्ट मैच
नई दिल्ली. देश में भले ही टी-20 क्रिकेट का फीवर आसमान छू रहा हो पर आज भी एक धड़ा है जो टेस्ट क्रिकेट को बहुत गंभीरता से लेता है और वो चाहता है कि देश के छोटे छोटे सेंटर पर भी टेस्ट क्रिकेट आयोजित किया जाए. भारत के पूर्व कप्तान और बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सौरव गांगुली चाहते हैं कि ईडन गार्डंस पर ज्यादा टेस्ट मैच हों, लेकिन उन्हें यह देखकर भी खुशी होती है कि गुवाहाटी और रांची जैसे मैदानों पर भी टेस्ट खेले जा रहे हैं.
बीसीसीआई ने पिछले हफ्ते भारतीय क्रिकेट टीम के 2026-27 घरेलू सत्र का ऐलान करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के टेस्ट कोलकाता और मुंबई जैसे पारंपरिक मैदानों पर नहीं कराने का फैसला किया है. ये मैच 21 जनवरी से 25 फरवरी तक नागपुर, चेन्नई, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद में खेले जाएंगे.
नए वेन्यू पर टेस्ट क्रिकेट की वकालत
गांगुली ने स्पोर्ट्सस्टार की किताब ‘मिरेकल एट ईडन’ के विमोचन के मौके पर कहा, ‘ईडन गार्डंस पर बड़े टेस्ट मैच होते देखना हमेशा अच्छा लगता है. कैब के अध्यक्ष और पूर्व खिलाड़ी होने के नाते मैं चाहता हूं कि यहां टेस्ट मैच हों, लेकिन हमने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट की मेजबानी की थी. इसके बाद टी20 वर्ल्ड कप के मैच हुए और अब आईपीएल के मैच भी यहां हो रहे हैं.’ उन्होंने कहा, ‘हम सभी चाहते हैं कि ईडन पर ज्यादा मैच हों, लेकिन यह समझना भी जरूरी है कि दूसरे मैदानों पर भी मैच होने चाहिए.’ गुवाहाटी नवंबर 2025 में ही टेस्ट केंद्र बना और वहां एक साल के भीतर दूसरा टेस्ट होने जा रहा है. वहीं अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर पिछले साल अक्टूबर में ही टेस्ट हुआ था. वानखेड़े स्टेडियम पर आखिरी टेस्ट नवंबर 2024 में खेला गया था.
बोर्ड ने बनाया है टेस्ट क्रिकेट को बढ़ाने का प्लान
बीसीसीआई के कैलेंडर के अनुसार कोलकाता (तीन जनवरी, 2027) और मुंबई (नौ जनवरी, 2027) में जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे होंगे, जबकि दिल्ली में इस साल 13 दिसंबर को श्रीलंका के खिलाफ वनडे खेला जाएगा. पहली बार इस मसले पर बोलते हुए बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘पूरे भारत में अच्छे स्टेडियम हैं. चेन्नई, गुवाहाटी और रांची में टेस्ट होते देखकर अच्छा लगता है. वहां सुविधाएं काफी अच्छी हैं.’ वहीं भारत के पूर्व स्पिनर वेंकटपति राजू ने कहा, ‘हमारे समय में कोलकाता, कानपुर, चेन्नई, दिल्ली और मुंबई में ही टेस्ट होते थे. उसका अपना आकर्षण था और मुझे लगता है कि फिर ऐसा ही होना चाहिए.’ गांगुली ने इस मौके पर यह भी कहा कि ईडन गार्डंस पर 2001 की टीम के मिलने की योजना बनाई जा रही है. उन्होंने कहा, ‘हम ईडन पर यह समारोह करेंगे. इस महीने की शुरुआत में होना था लेकिन सचिन तेंदुलकर के बेटे की शादी के कारण देर हो गई.