शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के डेहरवारा गांव में मंगलवार शाम 17 वर्षीय किशोर की खेत में करंट लगने से मौत हो गई। युवक प्याज की फसल में सिंचाई कर रहा था। परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, डेहरवारा निवासी शिवसिंह धाकड़ (17) मंगलवार शाम अपने खेत में प्याज की फसल को पानी दे रहा था। इसी दौरान उसे अचानक तेज करंट लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के चाचा वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि खेत में कोई खुला बिजली का तार नहीं था। हालांकि, जिस जगह शिवसिंह सिंचाई कर रहा था, वहां तार की फेंसिंग लगी हुई थी। आशंका है कि किसी तरह बिजली का करंट फेंसिंग में आ गया, जिससे यह हादसा हुआ। शिवसिंह धाकड़ अपने पिता बलवीर सिंह धाकड़ का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनें हैं। इस घटना से परिवार में गहरा दुख है।
Source link