Last Updated:
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच हुए मैच के दौरान कुछ आईपीएल फैंस को कड़वा अनुभव हुआ. मैच के दौरान कम से कम 25 दर्शकों के मोबाइल फोन गायब हो गए. पुलिस ने साफ किया है कि यह पुष्टि नहीं हुई है कि सभी फोन स्टेडियम के अंदर ही चोरी हुए हैं.
आईपीएल 2026 के पहले मैच के दौरान फैंस के 25 मोबाइल चोरी
बेंगलुरु. शनिवार 28 मार्च को इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीजन का आगाज हुआ. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच हुए मैच के दौरान कुछ आईपीएल फैंस को कड़वा अनुभव हुआ. मैच के दौरान कम से कम 25 दर्शकों के मोबाइल फोन गायब हो गए. पुलिस ने साफ किया है कि यह पुष्टि नहीं हुई है कि सभी फोन स्टेडियम के अंदर ही चोरी हुए हैं. कुछ लोगों के फोन स्टेडियम के बाहर भी खो सकते हैं और उन्हें यह बात अंदर या बाहर जाते समय पता चली होगी.
कम से कम सात संदिग्धों की पहचान की गई है और उनसे पूछताछ की जा रही है. फिलहाल ये सभी संदिग्ध नाबालिग हैं और उनसे सिर्फ पूछताछ की जा रही है. अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि वे चोरी में शामिल थे या किसी संगठित गिरोह का हिस्सा हैं. पीड़ितों में से एक, डिजिटल क्रिएटर ऋतु तिवारी ने इंस्टाग्राम पर अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि उनके पति का फोन चोरी हो गया. ऋतु ने कहा, “मेरी आप सबसे गुजारिश है. अगर आप आईपीएल मैच देखने जा रहे हैं तो अपने फोन का खास ध्यान रखें, क्योंकि कल सिर्फ P3 स्टैंड से ही 50 से 60 फोन चोरी हुए, जिसमें मेरे पति का भी फोन शामिल है. मेरे पति को फोन के गायब होने का पता पहली पारी के बाद चला, जब वे हमारे लिए पानी लेने गए थे.”
उन्होंने आगे कहा, “इसके बाद हम मदद के लिए स्टेडियम पुलिस के पास गए, लेकिन उन्हें कोई खास दिलचस्पी नहीं थी. फिर हम पुलिस स्टेशन गए, जहां पहले से ही कई लोग इसी तरह की शिकायतें कर रहे थे. हमने एफआईआर दर्ज करवाई. बताया गया कि 10 से 12 बच्चों को पकड़ा गया है और वे सभी नाबालिग थे. वो सभी जर्सी पहनकर और फ्री टिकट लेकर आए थे. मुझे लगता है कि यह संगठित अपराध है, क्योंकि जब मैंने ऑनलाइन सर्च किया तो चेन्नई और वानखेड़े स्टेडियम में भी ऐसे ही मामले सामने आए थे. ये घटनाएं ज्यादातर दूसरी पारी के दौरान होती हैं, जब लोग रिफ्रेशमेंट के लिए बाहर जाते हैं. मैं सख्त कार्रवाई और बेहतर सुरक्षा की मांग करती हूं, वरना आगे भी ऐसे मामले होते रहेंगे.”
पश्चिम क्षेत्र के संयुक्त पुलिस आयुक्त सी वम्सी कृष्णा ने कहा, “यह कहना सही नहीं है कि सभी फोन स्टेडियम के अंदर ही खोए हैं. यह इस पर निर्भर करता है कि पीड़ितों को फोन के गायब होने का पता कहां चला. यह घटना स्टेडियम के अंदर या बाहर भी हो सकती है. मैंने खुद एक बुजुर्ग को देखा, जिनका फोन CTO जंक्शन पर खो गया था और उन्होंने ई-लॉस्ट रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. घटनाक्रम को समझने में समय लगेगा. हम मामले की जांच कर रहे हैं और सभी ई-लॉस्ट रिपोर्ट्स पर एफआईआर दर्ज कर रहे हैं. अगर चोरी की पुष्टि होती है तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा.”
एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए नाबालिग सुधार गृह में हैं. “हम अभी यह नहीं कह सकते कि वे आरोपी हैं. वे सिर्फ संदिग्ध हैं. बिना वैध टिकट के किसी को भी क्रिकेट स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया गया था. ऋतु तिवारी द्वारा बताए गए आंकड़े सटीक नहीं हो सकते. नाबालिगों के पकड़े जाने का दावा भी जांच के दायरे में है. तिवारी और अन्य द्वारा दिए गए सभी बयान जांच का हिस्सा हैं.”
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें