Last Updated:
PBKS vs GT IPL 2026 Live Score: आईपीएल 2026 के चौथे मुकाबले में आज पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस की टक्कर है. यह मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में शाम 7….और पढ़ें
पंजाब किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस लाइव.
IPL 2026 PBKS vs GT Live Cricket Score: पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच आज आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से शुरू होगा, जबकि इसका टॉस आधे घंटे पहले 7 बजे होगा. भारतीय टी20 टीम से बाहर शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर जब इस मुकाबले में अपनी-अपनी टीमों की कप्तानी करेंगे तो उनका इरादा खुद को साबित करने का भी होगा.
भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान गिल को टी20 टीम का उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन बाद में विश्व कप टीम से बाहर कर दिया गया. उनकी जगह संजू सैमसन को चुना गया था जिनका भारत की खिताबी जीत में अहम योगदान रहा. 2023 के बाद से आईपीएल में गिल से ज्यादा रन सिर्फ विराट कोहली ने बनाए हैं, लेकिन अब फोकस निरंतरता की बजाय स्ट्राइक रेट पर है. गिल का टी20 कैरियर का स्ट्राइक रेट 138 है, लेकिन पिछले साल उन्होंने 155 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए.
बल्लेबाजी कोच के तौर पर मैथ्यू हेडन स्टाफ का हिस्सा हैं. लिहाजा गिल की छक्के मारने के कौशल और बल्लेबाजी पर नजर रखी जाएगी. हार्दिक पंड्या के जाने के बाद से गिल ने कप्तानी का जिम्मा भी बखूबी संभाला है. अपने डेब्यू सीजन 2022 में आईपीएल खिताब जीतने वाली गुजरात टाइटंस पिछले साल तीसरे स्थान पर रही. एक बार फिर टीम काफी संतुलित लग रही है. सलामी बल्लेबाज गिल और साइ सुदर्शन सबसे बड़ी ताकत हैं. सुदर्शन ने पिछले सीजन में सर्वाधिक 759 रन बनाए थे. वह पसली के फ्रेक्चर से उबरकर लौट रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है.
गुजरात के पास विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र जैसे विकल्प भी हैं, जिन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 160 से ऊपर की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे. पंजाब किंग्स के लिए एक बार फिर श्रेयस पर बहुत कुछ निर्भर करेगा जो तीन अलग अलग टीमों को आईपीएल फाइनल तक ले जा चुके हैं. उनकी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स 2020 में और पंजाब पिछले सत्र में फाइनल तक पहुंची जबकि केकेआर ने 2024 में खिताब जीता था.
लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद श्रेयस को भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं मिली और भारत के लिए आखिरी टी20 उन्होंने दिसंबर 2023 में खेला था. पिछले सीजन में उन्होंने 175 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 604 रन बनाए थे. वह एशिया कप और टी20 विश्व कप टीम में जगह नहीं बना सके थे. पंजाब की ताकत उसके भारतीय क्रिकेटरों में है, जिनमें सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य शामिल हैं. हालांकि, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका बल्ला खामोश रहा था. मध्यक्रम में निहाल वढेरा, शशांक सिंह और सूर्यांश शेडगे हैं जिनका सामना राशिद खान की अगुवाई में बेहतरीन स्पिन आक्रमण से होगा.